सेना, नौसेना और वायुसेना में अधिकारी बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) और नौसेना अकादमी (NA) परीक्षा-1, 2026 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। इस परीक्षा में कुल 617 उम्मीदवारों ने सफलता हासिल की है। इनमें 551 पुरुष और 66 महिला उम्मीदवार शामिल हैं। आयोग की ओर से जारी मेरिट लिस्ट में पुरुष वर्ग में ईशान पचौरी ने पहला स्थान हासिल किया है, जबकि महिला वर्ग में श्रेया एन गौड़ा टॉपर बनी हैं। परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को अब NDA के 157वें कोर्स और इंडियन नेवल एकेडमी (INA) के 119वें कोर्स में प्रवेश का अवसर मिलेगा।
UPSC की ओर से जारी परिणाम में इस बार 66 महिला उम्मीदवारों ने भी अपनी जगह बनाई है। NDA और NA परीक्षा देश की रक्षा सेवाओं में अधिकारी बनने के इच्छुक युवाओं के लिए आयोजित की जाती है। इसके माध्यम से भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना में अधिकारियों के चयन की प्रक्रिया पूरी की जाती है। सफल उम्मीदवारों को संबंधित अकादमियों में सैन्य प्रशिक्षण दिया जाएगा।
मेरिट लिस्ट के अनुसार, पुरुष उम्मीदवारों में ईशान पचौरी ने पहला स्थान हासिल किया है। वहीं आरश कुकरैजा दूसरे, कौस्तव बौथ्याल तीसरे, ईश फोगाट चौथे और मिथिलेश यादव पांचवें स्थान पर रहे हैं। महिला उम्मीदवारों की सूची में श्रेया एन गौड़ा ने टॉप किया है। अविका शर्मा दूसरे, राजश्री राय तीसरे, पंकज कुमारी चौथे और वंशिका चौधरी पांचवें स्थान पर रही हैं।
इस परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को NDA के 157वें कोर्स में दाखिला मिलेगा। इसके तहत चयनित युवाओं को भारतीय थल सेना, नौसेना और वायुसेना में अधिकारी बनने के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा योग्य उम्मीदवारों को इंडियन नेवल एकेडमी के 119वें कोर्स में भी प्रवेश दिया जाएगा, जिसके जरिए वे भारतीय नौसेना में अधिकारी बनने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे।
UPSC ने बताया कि फाइनल मेरिट लिस्ट 12 अप्रैल 2026 को आयोजित लिखित परीक्षा और उसके बाद रक्षा मंत्रालय के सर्विसेज सिलेक्शन बोर्ड (SSB) की ओर से लिए गए इंटरव्यू के आधार पर तैयार की गई है। यानी उम्मीदवारों की अंतिम रैंक निर्धारित करने में लिखित परीक्षा के साथ इंटरव्यू में उनके प्रदर्शन को भी शामिल किया गया है।
ऐसे चेक करें NDA-NA 1 परीक्षा 2026 का रिजल्ट
परीक्षा में शामिल उम्मीदवार UPSC की आधिकारिक वेबसाइट http://upsc.gov.in पर जाकर अपना फाइनल रिजल्ट चेक कर सकते हैं। इसके लिए वेबसाइट के होमपेज पर रिजल्ट सेक्शन में जाएं और NDA एवं NA परीक्षा-1, 2026 के फाइनल रिजल्ट से संबंधित लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद मेरिट लिस्ट की पीडीएफ स्क्रीन पर खुल जाएगी। उम्मीदवार इसमें अपना नाम या रोल नंबर सर्च कर सकते हैं।


