QS एशिया यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2027 में भारत के 325 उच्च शिक्षण संस्थानों को जगह मिली है। इस बार दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) की रैंकिंग में गिरावट दर्ज की गई है और वह एशिया की टॉप-100 यूनिवर्सिटीज की सूची से बाहर हो गई है। पिछले साल DU 95वें स्थान पर थी, जबकि इस साल उसकी रैंक गिरकर 106 हो गई है। हालांकि QS के मुताबिक रैंक नीचे आने के बावजूद किसी संस्थान के कुल प्रदर्शन और स्कोर में सुधार संभव है।
दिल्ली की अन्य प्रमुख सेंट्रल यूनिवर्सिटीज ने बेहतर प्रदर्शन किया है। जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) पिछले साल के 130वें स्थान से दो पायदान ऊपर चढ़कर 128वें स्थान पर पहुंच गई है। वहीं जामिया मिलिया इस्लामिया ने उल्लेखनीय सुधार करते हुए 197वीं रैंक से बढ़कर 183वां स्थान हासिल किया है।
भारतीय संस्थानों में IIT दिल्ली सबसे बेहतर रैंक वाला संस्थान बना हुआ है। हालांकि उसकी रैंक पिछले साल के 59वें स्थान से सात पायदान गिरकर 66 हो गई है। IIT कानपुर भी एशिया की टॉप-100 यूनिवर्सिटीज में शामिल है।
वाराणसी के संस्थानों में IIT (BHU) ने बेहतर प्रदर्शन किया है। इसकी रैंक 237 से सुधरकर 219 हो गई है। दूसरी ओर बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) की रैंक 224 से गिरकर 234 हो गई।
पिछली QS एशिया रैंकिंग में यूनिवर्सिटी ऑफ हॉन्गकॉन्ग पहले स्थान पर रही थी। चीन के सबसे अधिक संस्थान सूची में शामिल थे, जबकि भारत भी एशिया में सर्वाधिक प्रतिनिधित्व वाले देशों में शामिल रहा


