जम्मू-कश्मीर सर्विस सेलेक्शन बोर्ड (JKSSB) ने लोक निर्माण विभाग (PWD) में जूनियर इंजीनियर (मैकेनिकल) के 127 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 16 नवंबर 2026 से शुरू होगी। इच्छुक एवं योग्य उम्मीदवार 15 दिसंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे।
जम्मू–कश्मीर का डोमिसाइल अनिवार्य
भर्ती के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास जम्मू-कश्मीर का डोमिसाइल होना अनिवार्य है। आयु की गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी। ओपन मेरिट वर्ग के उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु सीमा 40 वर्ष निर्धारित की गई है। वहीं एससी, एसटी-I, एसटी-II, आरबीए, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु सीमा 43 वर्ष है। दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु सीमा 42 वर्ष निर्धारित की गई है।
आवेदन शुल्क
सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को आवेदन के लिए 600 रुपये शुल्क देना होगा, जबकि आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये निर्धारित किया गया है।
मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा या डिग्री जरूरी
इन पदों के लिए उम्मीदवार के पास मैकेनिकल इंजीनियरिंग में तीन वर्षीय डिप्लोमा या मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिग्री होना आवश्यक है। उम्मीदवारों का चयन ओएमआर आधारित लिखित परीक्षा में प्राप्त अंकों की मेरिट के आधार पर किया जाएगा। लिखित परीक्षा की तारीख बोर्ड की ओर से अलग से घोषित की जाएगी।
ओपन मेरिट के लिए 51 पद
अधिसूचना के अनुसार कुल 127 पदों में से 51 पद ओपन मेरिट वर्ग के लिए निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा एससी वर्ग के लिए 10, एसटी-I के लिए 13, एसटी-II के लिए 13, ओबीसी के लिए 10, एएलसी एवं आईबी के लिए 5, आरबीए के लिए 13 और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 12 पद रखे गए हैं।
इच्छुक उम्मीदवार आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के बाद निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि आवेदन करने से पहले बोर्ड की आधिकारिक अधिसूचना में पात्रता, श्रेणीवार आरक्षण और अन्य शर्तों की जांच कर लें।


