दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) में सरकारी नौकरी पाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। विश्वविद्यालय की ओर से असिस्टेंट और सीनियर असिस्टेंट के पदों पर भर्ती निकाली गई है। इस भर्ती के जरिए कुल 126 रिक्त पदों को भरा जाएगा। आवेदन प्रक्रिया 23 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी, जबकि आवेदन करने की अंतिम तारीख 9 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार दिल्ली यूनिवर्सिटी की आधिकारिक वेबसाइट du.ac.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
कितने पदों पर होगी भर्ती?
दिल्ली यूनिवर्सिटी की इस भर्ती में असिस्टेंट के 80 पद और सीनियर असिस्टेंट के 46 पद शामिल हैं। इस तरह कुल 126 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले संबंधित पद की शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अनुभव से जुड़ी शर्तों को ध्यान से पढ़ने की सलाह दी जाती है।
असिस्टेंट पद के लिए योग्यता
असिस्टेंट पद पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन पास होना जरूरी है। इसके अलावा अभ्यर्थी के पास जूनियर असिस्टेंट या समकक्ष पद पर दो वर्ष का कार्य अनुभव होना चाहिए। उम्मीदवार की टाइपिंग स्पीड हिंदी में 30 शब्द प्रति मिनट और अंग्रेजी में 35 शब्द प्रति मिनट होनी चाहिए। इस पद के लिए अधिकतम आयु सीमा 32 वर्ष निर्धारित की गई है।
सीनियर असिस्टेंट के लिए पात्रता
सीनियर असिस्टेंट पद के लिए उम्मीदवार का ग्रेजुएट होना जरूरी है। इसके साथ ही असिस्टेंट या समकक्ष पद पर कम से कम तीन वर्ष का कार्य अनुभव और कंप्यूटर पर काम करने की जानकारी होनी चाहिए। इस पद के लिए अधिकतम आयु सीमा 35 वर्ष रखी गई है।
कितना देना होगा आवेदन शुल्क?
आवेदन करने वाले सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को 1,000 रुपये शुल्क देना होगा। ओबीसी (नॉन-क्रीमी लेयर), ईडब्ल्यूएस और महिला उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 800 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं, एससी, एसटी और दिव्यांग (PwBD) वर्ग के उम्मीदवारों को 600 रुपये का भुगतान करना होगा।
कैसे होगा चयन?
दिल्ली यूनिवर्सिटी की इस भर्ती में उम्मीदवारों का चयन रिक्रूटमेंट एग्जामिनेशन के आधार पर किया जाएगा। परीक्षा में उम्मीदवारों के प्रदर्शन के अनुसार मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी। चयन प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थियों को आधिकारिक नोटिफिकेशन देखना चाहिए।
कैसे करें आवेदन?
उम्मीदवार दिल्ली यूनिवर्सिटी की आधिकारिक वेबसाइट du.ac.in पर जाएं। भर्ती सेक्शन में संबंधित विज्ञापन खोलकर ऑनलाइन आवेदन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन करें और आवेदन फॉर्म में मांगी गई जानकारी भरें। जरूरी दस्तावेज अपलोड करने के बाद निर्धारित आवेदन शुल्क जमा करें और फॉर्म सबमिट कर दें। भविष्य के लिए आवेदन फॉर्म का प्रिंटआउट सुरक्षित रखें।


