देश के सबसे बड़े सरकारी बैंकों में शामिल स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) में अनुभवी टेक्नोलॉजी प्रोफेशनल्स के लिए नौकरी का अवसर है। बैंक ने स्पेशलिस्ट कैडर ऑफिसर (SCO) के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस भर्ती के तहत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डेटा एनालिटिक्स, डेटा इंजीनियरिंग, AI गवर्नेंस और टेक्नोलॉजी मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों में नियुक्तियां की जाएंगी। भर्ती कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर होगी। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 19 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
किन पदों पर होगी भर्ती?
एसबीआई की इस भर्ती में जनरल मैनेजर एवं चीफ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ऑफिसर, डिप्टी जनरल मैनेजर, AI सॉल्यूशन आर्किटेक्ट और एंटरप्राइज AI आर्किटेक्ट जैसे पद शामिल हैं। डिप्टी जनरल मैनेजर के तहत रिस्क एंड ऑपरेशनल एनालिटिक्स, AI गवर्नेंस एंड कंप्लायंस तथा डेटा इंजीनियरिंग, मॉडल एप्लीकेशन डेवलपमेंट और AI ऑपरेशंस से जुड़े पदों पर भर्ती की जाएगी।
उम्र सीमा और शैक्षणिक योग्यता
जनरल मैनेजर एवं चीफ AI ऑफिसर पद के लिए उम्मीदवारों की उम्र 40 से 55 वर्ष निर्धारित की गई है। डिप्टी जनरल मैनेजर के विभिन्न पदों के लिए उम्र सीमा 35 से 50 वर्ष है। वहीं, AI सॉल्यूशन आर्किटेक्ट और एंटरप्राइज AI आर्किटेक्ट पदों के लिए उम्मीदवारों की उम्र 30 से 45 वर्ष होनी चाहिए।
शैक्षणिक योग्यता के तौर पर संबंधित पदों के अनुसार कंप्यूटर साइंस, इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, इलेक्ट्रॉनिक्स, डेटा साइंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस या इंजीनियरिंग में बीई, बीटेक, एमटेक अथवा ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री मांगी गई है। कुछ पदों के लिए स्टैटिस्टिक्स या कंप्यूटर साइंस में एमएससी, एमसीए और संबंधित विषयों की अन्य डिग्रियां भी मान्य हो सकती हैं। उम्मीदवारों को निर्धारित प्रोफेशनल अनुभव की शर्तें भी पूरी करनी होंगी।
कैसे होगा उम्मीदवारों का चयन?
इस भर्ती में सामान्य लिखित परीक्षा के बजाय शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू और सीटीसी नेगोशिएशन के आधार पर चयन किया जाएगा। इंटरव्यू कुल 100 अंकों का होगा और अंतिम मेरिट लिस्ट इंटरव्यू में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी। शुरुआती चार पदों के लिए शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को 10 मिनट का प्रेजेंटेशन भी देना होगा।
कैसे करें आवेदन?
उम्मीदवार एसबीआई की आधिकारिक वेबसाइट sbi.bank.in पर जाकर करियर सेक्शन में भर्ती का नोटिफिकेशन देख सकते हैं। आवेदन करने से पहले संबंधित पद की योग्यता, उम्र सीमा, अनुभव और अन्य शर्तों की जानकारी जरूर जांच लें। इसके बाद ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर आवेदन फॉर्म भरें और जरूरी दस्तावेज अपलोड करके फॉर्म जमा करें। आवेदन की अंतिम तारीख 19 नवंबर 2026 है।


