केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों के लिए संशोधित ‘एग्री वेलफेयर पोर्टल’ का शुभारंभ किया है। इसका उद्देश्य सरकारी योजनाओं, सब्सिडी, आर्थिक सहायता और खेती-किसानी से जुड़ी जरूरी जानकारियां एक ही डिजिटल मंच पर उपलब्ध कराना है।
पोर्टल के माध्यम से किसान पीएम-किसान, एग्रीस्टैक और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना जैसी प्रमुख पहलों से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। मौसम, वैज्ञानिक खेती के तरीके, बीज और खाद की उपलब्धता तथा मंडी भाव जैसी जानकारियां भी मोबाइल पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
पोर्टल को ग्रामीण क्षेत्रों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए मोबाइल-अनुकूल और हल्का बनाया गया है, ताकि कमजोर इंटरनेट कनेक्शन पर भी इसका उपयोग किया जा सके। दिव्यांग और दृष्टिबाधित उपयोगकर्ताओं के लिए स्क्रीन रीडर तथा सरल नेविगेशन जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है यह मंच केवल किसानों तक सीमित नहीं रहेगा। किसान उत्पादक संगठन (FPO), प्राथमिक कृषि ऋण समितियां (PACS), कृषि वैज्ञानिक, शोधकर्ता और कृषि स्टार्टअप भी इससे जुड़ सकेंगे।
केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों से पोर्टल पर जानकारी को नियमित और समयबद्ध तरीके से अपडेट रखने तथा भाषा और प्रक्रिया को सरल बनाने को कहा। किसानों को डिजिटल सेवाओं के उपयोग का प्रशिक्षण देने के लिए देशभर के कृषि विज्ञान केंद्रों (KVKs) के माध्यम से विशेष अभियान चलाने की भी योजना है।
पोर्टल का लक्ष्य अलग-अलग वेबसाइटों और कार्यालयों पर निर्भरता कम कर किसानों को सरकारी कृषि सेवाओं तक एकीकृत और आसान पहुंच उपलब्ध कराना है।


