दिल्ली में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे 10वीं पास युवाओं के लिए दिल्ली अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड (DSSSB) ने भर्ती निकाली है। इस भर्ती अभियान के तहत चौकीदार और सफाई कर्मचारी के कुल 25 पदों को भरा जाएगा। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 13 अक्टूबर 2026 को दोपहर 12 बजे से आधिकारिक वेबसाइट https://dsssbonline.nic.in/ पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तारीख 11 नवंबर 2026 रात 11 बजे तक निर्धारित की गई है। चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति दिल्ली के जिला एवं सत्र न्यायालय में की जाएगी।
इस भर्ती में सफाई कर्मचारी के 10 और चौकीदार के 15 पद शामिल हैं। आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना जरूरी है। अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 27 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी। ओबीसी उम्मीदवारों को तीन वर्ष, एससी और एसटी वर्ग को पांच वर्ष तथा दिव्यांग उम्मीदवारों को नियमानुसार 10 से 15 वर्ष तक की छूट दी जाएगी।
आवेदन शुल्क 100 रुपये रखा गया है। हालांकि, महिला, एससी, एसटी और पीडब्ल्यूबीडी वर्ग के उम्मीदवारों को शुल्क से छूट मिलेगी। फीस का भुगतान केवल एसबीआई ई-पे के माध्यम से किया जा सकेगा। अन्य माध्यमों से भुगतान स्वीकार नहीं किया जाएगा।
ऐसे होगा उम्मीदवारों का चयन
चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा और इंटरव्यू शामिल होंगे। लिखित परीक्षा में कुल 100 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे। इनमें हिंदी, अंग्रेजी, सामान्य ज्ञान और अंकगणित से 25-25 प्रश्न होंगे। गलत उत्तर देने पर 0.25 अंक की निगेटिव मार्किंग होगी। सामान्य और ईडब्ल्यूएस वर्ग को न्यूनतम 50 प्रतिशत, जबकि निर्धारित आरक्षित वर्गों को 45 प्रतिशत अंक प्राप्त करने होंगे। लिखित परीक्षा के आधार पर रिक्तियों की संख्या से दस गुना उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा। साक्षात्कार कुल 15 अंकों का होगा।
उम्मीदवार आवेदन करने से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन ध्यानपूर्वक पढ़ लें। भर्ती संबंधी विस्तृत जानकारी के लिए DSSSB का आधिकारिक नोटिफिकेशन देखें।


