उत्तर प्रदेश के 300 पीएमश्री स्कूलों में अंग्रेजी शिक्षण को बेहतर बनाने के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके तहत अंग्रेजी विषय के 300 शिक्षकों को प्रशिक्षित कर मास्टर ट्रेनर बनाया जाएगा। ये शिक्षक अपने जिलों में अन्य शिक्षकों को प्रशिक्षण देने के साथ विद्यार्थियों की अंग्रेजी पढ़ने, लिखने और बोलने की क्षमता विकसित करेंगे।
छह चरणों में पूरा होगा प्रशिक्षण
यह प्रशिक्षण प्रयागराज स्थित आंग्ल भाषा शिक्षण संस्थान में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को छह चरणों में पूरा करने की योजना है। प्रत्येक चरण में 50 शिक्षक भाग लेंगे। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिदिन छह सत्र आयोजित किए जाएंगे। हालांकि, कार्यशाला की तिथियां अभी घोषित नहीं हुई हैं।
अंग्रेजी बोलने और उच्चारण सुधारने पर जोर
संस्थान के प्रभारी विपेंद्र सिंह के अनुसार, शिक्षकों को अंग्रेजी सुनने, बोलने, पढ़ने और प्रभावी शिक्षण पद्धतियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। विशेष रूप से उच्चारण, स्वर के उतार-चढ़ाव, महत्वपूर्ण शब्दों पर जोर देने और वाक्यों को सही लय में बोलने की तकनीक सिखाई जाएगी। इससे विद्यार्थी अंग्रेजी भाषा को आसानी से समझ सकेंगे और बोलने में उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा।
लेखन कौशल और रोचक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा
प्रशिक्षण में विद्यार्थियों का लेखन कौशल विकसित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। शिक्षकों को गद्यांश का सारांश लिखवाने, कविताओं को प्रभावी ढंग से पढ़ाने और व्याकरण को सरल बनाने की विधियां बताई जाएंगी। बस्ता रहित दिवस पर खेल, संवाद और अन्य रोचक गतिविधियों के माध्यम से अंग्रेजी सिखाने के सुझाव भी दिए जाएंगे।
जिलों में अन्य शिक्षकों को मिलेगा प्रशिक्षण
प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर अपने जिलों में अन्य शिक्षकों तक नई शिक्षण तकनीक पहुंचाएंगे। इस पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के मन से अंग्रेजी विषय का डर दूर करना, भाषा के प्रति रुचि बढ़ाना और पीएमश्री विद्यालयों में अंग्रेजी शिक्षा की गुणवत्ता सुधारना है।


