डिजाइन के क्षेत्र में स्नातक स्तर पर प्रवेश लेने की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए अहम खबर है। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) बॉम्बे द्वारा अंडरग्रेजुएट कॉमन एंट्रेंस एग्जामिनेशन फॉर डिजाइन (UCEED) 2027 के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 1 अक्टूबर 2026 से शुरू किए जाने की संभावना है। इसी के साथ विस्तृत सूचना पुस्तिका भी आधिकारिक वेबसाइट uceed.iitb.ac.in पर जारी की जाएगी।
आईआईटी बॉम्बे पहले ही परीक्षा की तारीख घोषित कर चुका है। UCEED 2027 का आयोजन 17 जनवरी 2027 को किया जाएगा। इस प्रवेश परीक्षा के माध्यम से देश के पांच आईआईटी- आईआईटी बॉम्बे, आईआईटी दिल्ली, आईआईटी गुवाहाटी, आईआईटी हैदराबाद और आईआईटी रुड़की में बी.डिजाइन पाठ्यक्रमों में प्रवेश मिलेगा। इसके अलावा भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) जबलपुर भी UCEED स्कोर के आधार पर बी.डिजाइन में दाखिला देता है।
विस्तृत अधिसूचना जारी होने के बाद अभ्यर्थी परीक्षा की महत्वपूर्ण तिथियां, पात्रता, परीक्षा पैटर्न, पाठ्यक्रम, एडमिट कार्ड और संभावित परिणाम तिथि जैसी जानकारी देख सकेंगे। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। उम्मीदवारों को पहले आधिकारिक वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन करना होगा, जिसके बाद ईमेल और मोबाइल नंबर के माध्यम से लॉगिन विवरण प्राप्त होंगे। लॉगिन करने के बाद अभ्यर्थियों को व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरनी होगी, परीक्षा केंद्र का चयन करना होगा, निर्धारित प्रारूप में आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे और आवेदन शुल्क का भुगतान करना होगा। आवेदन सफल होने के बाद कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड कर सुरक्षित रखना आवश्यक होगा।
पात्रता के अनुसार सामान्य, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी-एनसीएल वर्ग के अभ्यर्थियों का जन्म 1 अक्टूबर 2001 या उसके बाद होना चाहिए, जबकि एससी, एसटी और पीडब्ल्यूडी वर्ग के लिए जन्म तिथि 1 अक्टूबर 1996 या उसके बाद निर्धारित है। अभ्यर्थियों का 12वीं कक्षा के सभी विषयों में उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। विज्ञान, वाणिज्य और मानविकी तीनों संकायों के छात्र इस परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं। UCEED में अधिकतम दो लगातार प्रयास की अनुमति है और इसका स्कोर केवल उसी शैक्षणिक वर्ष के प्रवेश के लिए मान्य रहेगा।
रजिस्ट्रेशन के समय उम्मीदवारों को पासपोर्ट आकार का फोटो, हस्ताक्षर, शैक्षणिक प्रमाणपत्र तथा लागू होने पर ईडब्ल्यूएस, ओबीसी-एनसीएल, एससी, एसटी या पीडब्ल्यूडी प्रमाणपत्र तैयार रखने की सलाह दी गई है।


