संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। इस भर्ती अभियान के तहत विशेषज्ञ, सहायक प्रोफेसर, सहायक संपादक, सहायक लोक अभियोजक समेत कई पदों पर कुल 212 उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 12 सितंबर 2026 से शुरू होगी। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर जाकर 2 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
भर्ती में अलग-अलग पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अनुभव की शर्तें निर्धारित की गई हैं। विशेषज्ञ श्रेणी-III सहायक प्रोफेसर के पदों के लिए संबंधित विषय में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री और कम से कम तीन वर्ष का शिक्षण अनुभव मांगा गया है। सामान्य चिकित्सा के पद के लिए MBBS के साथ मेडिसिन या जनरल मेडिसिन में MD/DNB की योग्यता जरूरी है।
इसी तरह विशेषज्ञ ग्रेड-II के एनेस्थेसियोलॉजी और बाल रोग पदों के लिए संबंधित मेडिकल डिग्री के साथ निर्धारित अनुभव आवश्यक है। भारतीय खान ब्यूरो में सहायक संपादक के पद के लिए पत्रकारिता या जनसंचार में ग्रेजुएशन अथवा संबंधित विषय में ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता या जनसंचार में एक साल का डिप्लोमा मांगा गया है। इसके अलावा उम्मीदवार के पास संपादन और प्रकाशन के क्षेत्र में कम से कम तीन वर्ष का अनुभव होना चाहिए।
दिल्ली में सहायक लोक अभियोजक के पद के लिए कानून की डिग्री और बार में कम से कम तीन वर्ष का अनुभव जरूरी है। वहीं लद्दाख से जुड़े विधि अधिकारी और अन्य कानूनी पदों के लिए कानून में ग्रेजुएशन के साथ कम से कम दो वर्ष का बार प्रैक्टिस अनुभव मांगा गया है।
चयन प्रक्रिया की बात करें तो उम्मीदवारों का चयन मुख्य रूप से साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा। हालांकि, यदि किसी पद के लिए आवेदन बड़ी संख्या में प्राप्त होते हैं, तो UPSC उम्मीदवारों की संख्या सीमित करने के लिए भर्ती परीक्षा (RT), अतिरिक्त शैक्षणिक योग्यता या अधिक अनुभव जैसे मानदंडों का इस्तेमाल कर सकता है। भर्ती परीक्षा और साक्षात्कार दोनों आयोजित होने की स्थिति में उम्मीदवारों को दोनों चरणों में निर्धारित न्यूनतम अंक हासिल करने होंगे।
आवेदन शुल्क 25 रुपये निर्धारित किया गया है। महिला उम्मीदवारों के साथ SC, ST और PwBD श्रेणी के उम्मीदवारों को शुल्क से छूट दी गई है। शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकता है।
इच्छुक उम्मीदवार आवेदन करने से पहले UPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी नोटिफिकेशन को ध्यान से पढ़ लें और अपनी शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा तथा अनुभव की पात्रता जांच लें। आवेदन प्रक्रिया 12 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक चलेगी।


