Trending News

 LPG पर बोले PM नरेंद्र मोदी- देश में पैनिक फैलाने की कोशिश कर रहे कुछ लोग, देशवासियों को किया आश्वस्त, कहा- अपनी ऊर्जा सुरक्षा के लिए हर संभव कदम उठा रही है सरकार, कालाबाजारी करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई          आज प्रधानमंत्री जारी करेंगे पीएम-किसान की 22वीं किस्त, 9.32 करोड़ किसानों को मिलेंगे 18,640 करोड़ रुपये         किसानों को सहकारी बैंक से 7 दिन में फसल ऋण, e-KCC से सिर्फ 2 दिन में लोन की सुविधा, समय पर लोन चुकाने पर 3% ब्याज की छूट, राज्यसभा में अमित शाह ने दी जानकारी         भारत बनेगा बन रहा दुनिया का फूड बास्केट, 9 FTA से भारत के लिए 38 देशों के बाजार खुले, AAHAR के 40वें संस्करण को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने दी जानकारी         जल जीवन मिशन 2.0 को केंद्र सरकार ने दी मंजूरी, दिसंबर 2028 तक हर ग्रामीण घर में होगा नल से जल, 8.69 लाख करोड़ रुपये का बजट तय किया गया         मार्च में मौसम में लगातार बदलाव, गुजरात-राजस्थान में हीटवेव और लू का ऑरेंज अलर्ट, महाराष्ट्र में हीटवेव का यलो अलर्ट, 13 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट       

Sugar Export: चीनी उत्पादन घटने के अनुमानों के बीच 10 लाख टन निर्यात की मंजूरी, 5 करोड़ किसानों को होगा फायदा

चालू चीनी सीजन 2024-25 में उत्पादन घटने के अनुमानों के बीच सरकार ने एक वर्ष बाद 10 लाख टन निर्यात की मंजूरी दे दी है। इससे न सिर्फ चीनी मिलों को राहत मिलेगी, बल्कि करोड़ों किसानों को इसका फायदा मिलेगा और उन्हें समय पर गन्ना भुगतान किया जा सकेगा।

Published: 11:20am, 21 Jan 2025

चालू चीनी सीजन 2024-25 में उत्पादन घटने के अनुमानों के बीच सरकार ने एक वर्ष बाद 10 लाख टन निर्यात की मंजूरी दे दी है। इससे न सिर्फ चीनी मिलों को राहत मिलेगी, बल्कि करोड़ों किसानों को इसका फायदा मिलेगा और उन्हें समय पर गन्ना भुगतान किया जा सकेगा। उत्पादन घटने के चलते ही चीनी सीजन 2023-24 में निर्यात पर रोक लगा दी गई था ताकि घरेलू कीमतों को नियंत्रित और आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। निर्यात की मंजूरी देने की खबर के बाद से चीनी के घरेलू दाम में 200 रुपये प्रति क्विंटल तक की तेजी आ गई है।

केंद्रीय खाद्य, उपभोक्ता मामले और सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रह्लाद जोशी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस फैसले की जानकारी देते हुए कहा है कि केंद्र सरकार ने 10 लाख टन चीनी निर्यात को मंजूरी दी है। इस चीनी का निर्यात चालू सीजन 2024-25 के दौरान किया जा सकेगा। इससे चीनी के दाम में स्थिरता सुनिश्चित होगी। साथ ही, देश के 5 करोड़ किसान परिवारों और 5 लाख श्रमिकों को लाभ होगा। इसके अलावा, चीनी उद्योग भी मजबूत होगा।

केंद्र सरकार ने चीनी सीजन 2023-24 में चीनी की घरेलू आपूर्ति संबंधी चिंताओं को देखते हुए निर्यात पर पूर्ण पाबंदी लगा दी थी। चीनी उद्योग की तरफ से काफी समय से निर्यात खोलने की मांग की जा रही थी। उद्योग का कहना था कि चालू चीनी सीजन में उत्पादन घटने के अनुमानों के बावजूद पिछले सीजन का सरप्लस स्टॉक है जिससे घरेलू आपूर्ति में दिक्कत नहीं आएगी। यह अनुमति मिलने से चीनी मिलें अपने सरप्लस स्टॉक का निर्यात कर राजस्व जुटा सकेंगी।

खाद्य मंत्रालय ने चीनी मिलों को उनके तीन साल के औसत उत्पादन का 3.174% का एक समान निर्यात कोटा आवंटित किया है। आवंटित मात्रा में सभी ग्रेड की चीनी का निर्यात 30 सितंबर, 2025 तक किया जा सकेगा। चीनी मिलों को 31 मार्च, 2025 तक चीनी का कोटा सरेंडर करने या निर्यात कोटा को घरेलू मासिक रिलीज मात्रा के साथ बदलने का विकल्प भी दिया गया है।

चीनी उद्योग के शीर्ष संगठन इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (इस्मा) के महानिदेशक दीपक बल्लानी ने सरकार के इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा है कि इससे चीनी मिलों को राहत मिली है। इससे मिलों को राजस्व जुटाने और किसानों को समय पर गन्ना भुगतान करने में मदद मिलेगी।”

चालू पेराई सीजन 2024-25 में देश का चीनी उत्पादन घटकर 270 लाख टन रहने का अनुमान जताया जा रहा है जो 2023-24 में 320 लाख टन रहा था। 15 जनवरी तक कुल चीनी उत्पादन 130 लाख टन रहा है जो पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 13.66 प्रतिशत कम है। गन्ने की फसल पर रोगों और मौसम की मार के चलते चालू सीजन में चीनी रिकवरी घटी है जिससे उत्पादन घटने का अनुमान है। देश के कुल चीनी उत्पादन में करीब 30 फीसदी हिस्सेदारी सहकारी चीनी मिलों की है।

YuvaSahakar Team

Recent Post