प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेपर लीक के मामलों पर सख्त रुख अपनाते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर और त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी संदेश में प्रधानमंत्री ने लिखा, “देश के युवाओं का हित और उनका भविष्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि पेपर लीक के सभी मामलों में शामिल दोषियों को जल्द से जल्द कड़ा दंड दिलाने के लिए सरकार आवश्यक कदम उठा रही है। मामलों के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से फास्ट ट्रैक कोर्ट्स का गठन किया जाएगा, ताकि जांच और न्यायिक प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने बताया कि संबंधित विभागों और अधिकारियों को इस दिशा में जरूरी कार्रवाई के निर्देश दे दिए गए हैं।
पीएम मोदी ने अपने संदेश में कहा कि विद्यार्थियों के हितों और भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सरकार द्वारा लिए जा रहे निर्णयों की श्रृंखला में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षाओं की पारदर्शिता और विश्वसनीयता से समझौता नहीं किया जाएगा। युवाओं की मेहनत और सपनों के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
प्रधानमंत्री की यह घोषणा ऐसे समय सामने आई है, जब पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों और युवाओं में नाराजगी देखी जा रही है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के नेतृत्व में प्रदर्शन भी जारी है। सरकार के इस निर्णय से प्रभावित अभ्यर्थियों को समयबद्ध न्याय मिलने और परीक्षा व्यवस्था में विश्वास मजबूत होने की उम्मीद है।
पीएम मोदी के ट्वीट को रीट्वीट करते हुए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने एक्स पर लिखा है- युवाओं का हित और उनका उज्ज्वल भविष्य मोदी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता भी है और संकल्प भी। प्रधानमंत्री जी द्वारा फास्ट ट्रैक कोर्ट्स के गठन से पेपर लीक के मामलों में दोषियों के खिलाफ त्वरित सुनवाई और कठोर कार्रवाई का निर्णय इसी का प्रतिबिंब है। पेपर लीक के कारण युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी का यह महत्वपूर्ण कदम मील का पत्थर साबित होगा।


