झारखंड में सरकारी शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने सहायक आचार्य भर्ती 2026 का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती अभियान के तहत राज्य में कुल 7,299 सहायक आचार्य पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 31 जुलाई 2026 से 30 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
आयोग की अधिसूचना के अनुसार आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। आवेदन पत्र में किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर अभ्यर्थियों को 5 से 7 सितंबर 2026 तक संशोधन का अवसर भी मिलेगा।
भर्ती के तहत इंटर प्रशिक्षित के 1,909 पद, इंटर प्रशिक्षित बैकलॉग के 847 पद, स्नातक प्रशिक्षित के 4,192 पद और स्नातक प्रशिक्षित बैकलॉग के 351 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए उम्मीदवार का JTET उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। इसके अलावा CTET या किसी अन्य राज्य की शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) पास अभ्यर्थी भी आवेदन के पात्र होंगे।
आवेदन शुरू होने के बाद अभ्यर्थियों को JSSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद आवश्यक जानकारी भरकर जरूरी दस्तावेजों की स्कैन कॉपी अपलोड करनी होगी। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद फॉर्म जमा कर उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रखना होगा।
झारखंड में सरकारी शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह भर्ती एक बड़ा अवसर मानी जा रही है। ऐसे में उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे आवेदन की अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते अपना आवेदन पूरा कर लें।


