देश के प्रतिष्ठित लॉ विश्वविद्यालयों और शीर्ष बिजनेस स्कूलों में प्रवेश की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। कंसोर्टियम ऑफ नेशनल लॉ यूनिवर्सिटीज (NLUs) ने CLAT 2027 और XLRI जमशेदपुर ने XAT 2027 की आधिकारिक परीक्षा तिथियों और आवेदन कार्यक्रम की घोषणा कर दी है।
CLAT 2027: 6 दिसंबर को होगी परीक्षा
कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट (CLAT) 2027 का आयोजन 6 दिसंबर 2026 को दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा। परीक्षा की अवधि दो घंटे होगी और इसमें कुल 120 बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQs) पूछे जाएंगे। कंसोर्टियम ने स्पष्ट किया है कि इस वर्ष परीक्षा के सिलेबस और पैटर्न में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
परीक्षा में पहले की तरह इंग्लिश लैंग्वेज एवं रीडिंग कॉम्प्रिहेंशन, करंट अफेयर्स एवं जनरल नॉलेज, लीगल रीजनिंग एवं एप्टीट्यूड, लॉजिकल रीजनिंग और क्वांटिटेटिव टेक्निक्स के पांच सेक्शन शामिल रहेंगे।
CLAT 2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 3 अगस्त से शुरू होगी, जबकि आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर निर्धारित की गई है। परीक्षा पैटर्न में बदलाव नहीं होने से अभ्यर्थियों को अपनी मौजूदा रणनीति के अनुसार तैयारी जारी रखने में आसानी होगी। CLAT के माध्यम से देश की 24 नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी समेत कई प्रमुख लॉ संस्थानों में प्रवेश दिया जाएगा।
XAT 2027: 4 जनवरी को कंप्यूटर आधारित परीक्षा
देश के प्रमुख मैनेजमेंट संस्थानों में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली XAT 2027 परीक्षा 4 जनवरी 2027 को कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित की जाएगी। XLRI जमशेदपुर द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार आवेदन की अंतिम तिथि 5 दिसंबर 2026 तय की गई है। परीक्षा शुल्क 2,300 रुपये रखा गया है।
किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक या अंतिम वर्ष में अध्ययनरत छात्र इस परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा में वर्बल एंड लॉजिकल एबिलिटी, डिसीजन मेकिंग, क्वांटिटेटिव एबिलिटी एंड डेटा इंटरप्रिटेशन तथा जनरल नॉलेज से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे। इनमें ‘डिसीजन मेकिंग’ सेक्शन XAT की सबसे विशिष्ट पहचान माना जाता है, जो इसे अन्य MBA प्रवेश परीक्षाओं से अलग बनाता है।
250 से अधिक बिजनेस स्कूलों में मिलेगा प्रवेश
XAT 2027 के स्कोर के आधार पर XLRI जमशेदपुर के अलावा XIM यूनिवर्सिटी, IMT गाजियाबाद, TAPMI मणिपाल, GIM गोवा, ग्रेट लेक्स, FORE स्कूल ऑफ मैनेजमेंट और LIBA सहित 250 से अधिक प्रतिष्ठित बिजनेस स्कूलों में MBA और PGDM पाठ्यक्रमों में प्रवेश मिलेगा।


