भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान हैदराबाद ने शैक्षणिक सत्र 2024-25 के प्लेसमेंट आंकड़े जारी किए हैं। इस दौरान छात्रों को देश और विदेश की प्रमुख कंपनियों से आकर्षक नौकरी के प्रस्ताव मिले। संस्थान में सबसे अधिक सालाना पैकेज 90 लाख रुपये रहा, जबकि औसत पैकेज 22.5 लाख रुपये प्रति वर्ष दर्ज किया गया। दो शैक्षणिक कार्यक्रमों में 100 प्रतिशत प्लेसमेंट हासिल हुआ।
प्लेसमेंट प्रक्रिया 1 दिसंबर 2024 से शुरू हुई थी और इसे ऑनलाइन तथा ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आयोजित किया गया। इस दौरान करीब 320 कंपनियों ने कैंपस भर्ती में भाग लिया। इंजीनियरिंग, विज्ञान, डिजाइन और प्रबंधन सहित विभिन्न क्षेत्रों के छात्रों को नौकरी के अवसर मिले। कुल 493 छात्रों का चयन हुआ और उन्हें 521 जॉब ऑफर दिए गए। इनमें 87 प्री-प्लेसमेंट ऑफर और 43 अंतरराष्ट्रीय ऑफर शामिल थे।
विभागवार आंकड़ों में कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग सबसे आगे रहा। इस विभाग के 111 में से 96 छात्रों को नौकरी मिली। इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में 97 में से 81, मैकेनिकल एंड एयरोस्पेस इंजीनियरिंग में 94 में से 65 और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में 45 में से 36 छात्रों का चयन हुआ। सिविल इंजीनियरिंग के 73 में से 36 और केमिकल इंजीनियरिंग के 56 में से 32 छात्रों को प्लेसमेंट मिला।
एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग कार्यक्रम के सभी आठ छात्रों को नौकरी मिली, जिससे यहां 100 प्रतिशत प्लेसमेंट दर्ज किया गया। पीएचडी कार्यक्रम में भी सभी योग्य छात्रों का चयन हुआ और अधिकतम पैकेज 81 लाख रुपये रहा।
बीटेक छात्रों की प्लेसमेंट दर 74.56 प्रतिशत रही और अधिकतम पैकेज 90 लाख रुपये रहा। एमटेक छात्रों को 58 लाख रुपये, एमडिजाइन छात्रों को 29.32 लाख रुपये और बीडिजाइन छात्रों को 14 लाख रुपये तक का पैकेज मिला। संस्थान के व्यापक आंकड़ों के अनुसार, प्लेसमेंट के लिए पंजीकृत 943 छात्रों में से लगभग 700 को नौकरी के प्रस्ताव मिले।


