उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने ऑडिटर (Auditor) और असिस्टेंट अकाउंटेंट के 1829 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in पर जाकर 3 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया 14 जुलाई 2026 से शुरू हो चुकी है। सभी श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 25 रुपये निर्धारित किया गया है।
यह भर्ती उत्तर प्रदेश के विभिन्न सरकारी विभागों और संस्थानों में की जाएगी। चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति संबंधित विभागों में नियमानुसार की जाएगी।
किन विभागों में होगी भर्ती?
इस भर्ती के तहत सबसे अधिक पद आंतरिक लेखा एवं लेखा परीक्षा निदेशालय, नगर निकाय निदेशालय, उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद, उत्तर प्रदेश वन निगम, औद्योगिक विकास विभाग, उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम सहित कई विश्वविद्यालयों और सरकारी संस्थानों में भरे जाएंगे। कुल 1829 रिक्तियों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
शैक्षिक योग्यता
आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से बीकॉम (B.Com) या वाणिज्य विषय में स्नातक की डिग्री अथवा अकाउंटेंसी में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा होना चाहिए। इसके अलावा कंप्यूटर संचालन में ‘ओ’ लेवल (O Level) प्रमाणपत्र भी अनिवार्य है।
PET-2025 स्कोर जरूरी
मुख्य परीक्षा के लिए केवल वही उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं जिन्होंने प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET-2025) में भाग लिया हो। मुख्य परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों का चयन PET-2025 के नॉर्मलाइज्ड स्कोर के आधार पर किया जाएगा। हालांकि, जिन उम्मीदवारों का स्कोर शून्य या उससे कम है, वे पात्र नहीं होंगे।
आयु सीमा
भर्ती के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम 40 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी।
कितना मिलेगा वेतन?
चयनित अभ्यर्थियों को लेवल-5 वेतनमान के तहत नियुक्त किया जाएगा। इस पद पर वेतन 29,200 रुपये से 92,300 रुपये प्रति माह तक होगा। संबंधित पदों के अनुसार अन्य भत्तों का लाभ भी मिलेगा।
चयन प्रक्रिया
उम्मीदवारों का चयन लिखित मुख्य परीक्षा के आधार पर किया जाएगा। परीक्षा एक शिफ्ट में आयोजित होगी, जिसमें कुल 100 बहुविकल्पीय (MCQ) प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा की अवधि 2 घंटे होगी। प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा, जबकि प्रत्येक गलत उत्तर पर 0.25 अंक की निगेटिव मार्किंग लागू रहेगी।
परीक्षा में किन विषयों से आएंगे प्रश्न?
लिखित परीक्षा में अकाउंटिंग के मूल सिद्धांत, ऑडिटिंग, फाइनल अकाउंट्स, डबल एंट्री सिस्टम, बैंक रिकंसिलिएशन, वित्तीय नियम, ई-बैंकिंग, आरटीजीएस, बजट नियंत्रण, कराधान, अंकगणित, कंप्यूटर एवं सूचना प्रौद्योगिकी और उत्तर प्रदेश सामान्य ज्ञान से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे।


