राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने नीट यूजी 2026 के अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी है। एजेंसी ने फीस रिफंड के लिए बैंक खाते की जानकारी सत्यापित या संशोधित करने की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब पात्र उम्मीदवार 7 जुलाई 2026 रात 11:50 बजे तक आधिकारिक नीट पोर्टल पर जाकर अपनी बैंक डिटेल की पुष्टि या उसमें बदलाव कर सकते हैं।
यह सुविधा उन उम्मीदवारों के लिए दी गई है, जो पहले तय समय सीमा में बैंक विवरण अपडेट नहीं कर पाए थे या जिनसे जानकारी भरने में गलती हो गई थी। एनटीए के अनुसार, रिफंड पोर्टल तय समय तक खुला रहेगा, ताकि कोई भी पात्र उम्मीदवार तकनीकी या लिपिकीय गलती के कारण फीस रिफंड से वंचित न रह जाए।
बैंक डिटेल अपडेट करने के लिए उम्मीदवारों को नीट यूजी के रजिस्ट्रेशन पोर्टल पर लॉग इन करना होगा। इसके बाद टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन पूरा कर ‘Bank Account Details Confirmation/Updation’ लिंक पर क्लिक करना होगा। यहां उम्मीदवार अपनी बैंक जानकारी की पुष्टि या संशोधन कर सकते हैं। जरूरत पड़ने पर कैंसिल चेक भी अपलोड किया जा सकता है।
एनटीए ने स्पष्ट किया है कि जानकारी सबमिट करने के बाद वही अंतिम मानी जाएगी। इसलिए उम्मीदवार सभी विवरण ध्यान से जांचकर ही फॉर्म जमा करें और कन्फर्मेशन पेज सुरक्षित रखें।


