उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने विधान भवन रक्षक और विधान भवन आग्निक/अग्निरक्षक भर्ती 2026 के लिए मुख्य परीक्षा की अधिसूचना जारी कर दी है। इस भर्ती के तहत कुल 170 पदों को भरा जाएगा, जिनमें 120 पद विधान भवन रक्षक और 50 पद आग्निरक्षक के हैं। आवेदन प्रक्रिया 9 जून 2026 से शुरू होकर 29 जून 2026 तक चलेगी, जबकि आवेदन में संशोधन और शुल्क समायोजन की अंतिम तिथि 6 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।
इस भर्ती के लिए उम्मीदवारों का PET-2025 में सम्मिलित होना अनिवार्य है और केवल वही अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं जिनका स्कोर कार्ड जारी हो चुका है। शैक्षणिक योग्यता के रूप में उम्मीदवार का 12वीं पास होना जरूरी है। आयु सीमा 1 जुलाई 2026 को न्यूनतम 18 वर्ष और अधिकतम 40 वर्ष तय की गई है, जिसमें आरक्षित वर्गों को नियमानुसार छूट दी जाएगी।
इन पदों के लिए शारीरिक मानक भी निर्धारित किए गए हैं, जिनमें पुरुष अभ्यर्थियों की न्यूनतम ऊंचाई 168 सेमी (ST के लिए 160 सेमी) और सीने का माप बिना फुलाए 84 सेमी होना चाहिए, जिसमें कम से कम 5 सेमी का फुलाव अनिवार्य है। महिला अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम ऊंचाई 152 सेमी (ST के लिए 147 सेमी) और वजन 45 से 58 किलोग्राम के बीच होना आवश्यक है।
चयन प्रक्रिया में मुख्य रूप से लिखित परीक्षा को आधार माना जाएगा, जो PET-2025 स्कोर के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग के बाद आयोजित होगी। इसके बाद शारीरिक मानक परीक्षण और शारीरिक दक्षता परीक्षा होगी, जो केवल क्वालिफाइंग प्रकृति की होगी। सभी श्रेणियों के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 25 रुपये निर्धारित किया गया है।
उम्मीदवार UPSSSC की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in पर जाकर PET-2025 रजिस्ट्रेशन नंबर के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पूरा करने के बाद उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रखना आवश्यक होगा।


