उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने 32 हजार कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 2026 के लिए एडमिट कार्ड जारी करना शुरू कर दिया है। जिन अभ्यर्थियों की परीक्षा 8 जून 2026 को आयोजित होगी, वे बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। इससे पहले सभी उम्मीदवारों की एग्जाम सिटी स्लिप भी जारी की जा चुकी है।
यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 8, 9 और 10 जून 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में होगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपने एडमिट कार्ड में दी गई परीक्षा तिथि, पाली, परीक्षा केंद्र और रिपोर्टिंग समय को ध्यान से जांच लें और समय से परीक्षा केंद्र पर पहुंचें। देर से पहुंचने वाले उम्मीदवारों को परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
बोर्ड द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 8 जून की परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड 5 जून को जारी किए गए हैं। वहीं 9 जून की परीक्षा के प्रवेश पत्र 6 जून को और 10 जून की परीक्षा के एडमिट कार्ड 7 जून को जारी किए जाएंगे।
क्या रहेगा परीक्षा पैटर्न?
यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती की लिखित परीक्षा में कुल 150 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा कुल 300 अंकों की होगी और इसे हल करने के लिए उम्मीदवारों को 2 घंटे का समय मिलेगा। प्रश्न पत्र में सामान्य ज्ञान, सामान्य हिंदी, संख्यात्मक एवं मानसिक योग्यता तथा मानसिक अभिरुचि, बुद्धिलब्धि एवं तार्किक क्षमता से जुड़े प्रश्न शामिल होंगे।
एडमिट कार्ड कैसे करें डाउनलोड?
एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले यूपी पुलिस भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। इसके बाद “उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025” के एडमिट कार्ड लिंक पर क्लिक करना होगा। फिर “Candidate Login” विकल्प चुनकर रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्मतिथि दर्ज करनी होगी। लॉग इन करते ही एडमिट कार्ड स्क्रीन पर दिखाई देगा, जिसे डाउनलोड कर प्रिंटआउट सुरक्षित रखा जा सकता है।


