उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 1 जून को यूपी बोर्ड, सीबीएसई, सीआईएससीई और संस्कृत बोर्ड के हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में टॉप-10 में स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्रों को सम्मानित करेंगे। राज्य सरकार की ओर से आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में टॉपर छात्रों के साथ उनके एक अभिभावक को भी आमंत्रित किया गया है। कुल 223 टॉपर छात्र एवं उनके अभिभावक इस समारोह में शामिल होंगे।
राज्य सरकार द्वारा चारों बोर्ड के टॉपर्स को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है। आंकड़ों के अनुसार यूपी बोर्ड से हाईस्कूल के 115 और इंटरमीडिएट के 23 छात्रों का चयन किया गया है। वहीं संस्कृत बोर्ड से 11 हाईस्कूल एवं 10 इंटरमीडिएट छात्र सम्मानित होंगे। सीआईएससीई बोर्ड से 22 हाईस्कूल और 11 इंटरमीडिएट छात्र चयनित किए गए हैं, जबकि सीबीएसई बोर्ड से 13 हाईस्कूल एवं 18 इंटरमीडिएट टॉपर्स को सम्मानित किया जाएगा।
सरकार की ओर से सभी मेधावी छात्रों को 1 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि, टैबलेट और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। यह राशि सीधे छात्रों के बैंक खाते में ट्रांसफर की जाएगी। राज्य सरकार का मानना है कि इससे छात्रों को शिक्षा के प्रति प्रेरणा मिलेगी और अन्य विद्यार्थी भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित होंगे।
राज्य स्तर के अलावा जिला स्तर पर भी मेधावी छात्रों को सम्मानित किया जाएगा। प्रदेश के सभी जिलों से टॉप-10 में स्थान प्राप्त करने वाले कुल 1459 छात्रों का चयन किया गया है। इन छात्रों को 21 हजार रुपये, मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।


