Trending News

RBI ने रेपो रेट में नहीं किया बदलाव, ब्याज दर 5.25% पर बरकरार रखी मौसम: बारिश से दिल्ली-NCR में मौसम हुआ सुहाना, उत्तराखंड के चारों धाम में बर्फबारी, आज हिमाचल, UP, MP, बंगाल, दिल्ली, हरियाणा छत्तीसगढ़ में बारिश के ओले गिरने का अनुमान, ओडिशा, तेलंगाना, मेघालय, कर्नाटक में आंधी-तूफान का अलर्ट ईरान-अमेरिका के बीच हुआ 2 सप्ताह का सीजफायर, होर्मुज जलडमरूमध्य को तत्काल और सुरक्षित रूप से खोलेगा ईरान, 10 अप्रैल से शुरू होगी दोनों देशों के बीच शांति प्रस्ताव की बातचीत, नेतन्याहू बोले- सीजफायर में लेबनान शामिल नहीं RBI ने रेपो रेट में नहीं किया बदलाव, ब्याज दर 5.25% पर बरकरार रखी मौसम: बारिश से दिल्ली-NCR में मौसम हुआ सुहाना, उत्तराखंड के चारों धाम में बर्फबारी, आज हिमाचल, UP, MP, बंगाल, दिल्ली, हरियाणा छत्तीसगढ़ में बारिश के ओले गिरने का अनुमान, ओडिशा, तेलंगाना, मेघालय, कर्नाटक में आंधी-तूफान का अलर्ट ईरान-अमेरिका के बीच हुआ 2 सप्ताह का सीजफायर, होर्मुज जलडमरूमध्य को तत्काल और सुरक्षित रूप से खोलेगा ईरान, 10 अप्रैल से शुरू होगी दोनों देशों के बीच शांति प्रस्ताव की बातचीत, नेतन्याहू बोले- सीजफायर में लेबनान शामिल नहीं

लखनउ सुपर जायंटस और केकेआर में रोचक संघर्ष की उम्मीद

लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम हैदराबाद पर शानदार जीत के बाद अब बृहस्पतिवार को ईडन गार्डंस में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) का सामना करेगी। ऋषभ पंत की कप्तानी और मोहम्मद शमी की धारदार गेंदबाजी के दम पर लखनऊ अपनी जीत का सिलसिला बरकरार रखना चाहेगी, वहीं केकेआर अपने खराब फॉर्म और कैमरून ग्रीन जैसे महंगे खिलाड़ियों की नाकामी के बीच पहली जीत की तलाश में होगी।

Published: 17:06pm, 08 Apr 2026

विकेटकीपर बल्लेबाज कप्तान ऋषभ पंत के सूझबूझ भरे अर्द्धशतक और सदाबहार तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के मात्र 9 रन देकर चटकाए दो विकेटों की बदौलत लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम सनराइजर्स हैदराबाद को उसके घर हैदराबाद में पांच विकेट से हरा जीत की राह पर वापस लौट चुकी है। लखनऊ सुपर जायंट्स अब बृहस्पतिवार को मेजबान कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को ईडन गार्डंस पर हरा तीन मैचों में लगातार दूसरी जीत दर्ज करने के मकसद से उतरेगी।

केकेआर शुरू के तीन मैचों में से दो हारने और तीसरा अधूरा बेनतीजा समाप्त होने के चलते बुरी तरह जूझती नजर आ रही है। केकेआर को शुरू के दोनों मैचों में मुंबई इंडियंस से मुंबई में छह विकेट से, फिर मेहमान सनराइजर्स हैदराबाद से अपने घर में 65 रन से हार का सामना करना पड़ा है। केकेआर ने पंजाब किंग्स के खिलाफ ईडन गार्डंस में ही तीसरा मैच खेला, जो बारिश के चलते बेनतीजा अधूरा समाप्त हुआ और उसका शुरू के तीन मैचों से मात्र एक अंक है। केकेआर ने मेहमान पंजाब किंग्स के खिलाफ कोलकाता में चौथे ओवर में बारिश आने से पहले मात्र दो विकेट 25 रन पर गंवा दिए थे और इसके बाद आगे खेल न होने पर यह मैच अधूरा बेनतीजा समाप्त हो गया।

इतिहास की बात करें तो लखनऊ सुपर जायंट्स ने केकेआर से बीते बरस अपने आखिरी मैच सहित पांच में से तीन मैच जीते हैं। दोनों टीमों के बीच भले ही लखनऊ सुपर जायंट्स का पलड़ा केकेआर के खिलाफ भारी रहा, लेकिन पिछले पांच में से ज्यादातर मैच बेहद करीबी रहे हैं। लखनऊ सुपर जायंट्स और कोलकाता में केकेआर के खिलाफ बृहस्पतिवार को खेले जाने वाले मैच में खासे रोचक संघर्ष की उम्मीद है।

मोहम्मद शमी घरेलू रणजी ट्रॉफी में बंगाल के लिए ईडन गार्डंस पर खेले हैं और ऐसे में उनका अनुभव लखनऊ सुपर जायंट्स के बहुत काम आ सकता है। शमी ने यदि हैदराबाद में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच की तरह बृहस्पतिवार को केकेआर के शुरू के विकेट सस्ते में निकाल दिए तो फिर लखनऊ सुपर जायंट्स शुरू में ही मैच पर अपनी पकड़ बना सकती है।

बल्लेबाजी में दोनों ही टीमों का शीर्ष क्रम जूझता नजर आया, लेकिन लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए अच्छी बात यह है कि उसके लिए दिल्ली के बाशिंदे नवोदित गेंदबाज प्रिंस यादव ने दो मैचों में चार और मोहम्मद शमी ने खासतौर पर हैदराबाद में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ रफ्तार के साथ धार दिखाई। ऐसे में केकेआर के शीर्ष क्रम में पहले मैच में अर्द्धशतक जड़ने वाले सलामी बल्लेबाज कप्तान अजिंक्य रहाणे, शुरू के दो मैचों में दो अर्द्धशतक जड़ने वाले अंगकृष रघुवंशी और उनके सलामी जोड़ीदार फिन एलन, तथा पिछली आईपीएल के सबसे महंगे ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी कैमरून ग्रीन के लिए चुनौती खासी मुश्किल रहने वाली है।

लखनउ सुपर जायंट्स के लिए ऑस्ट्रेलिया के मिचेल मार्श (कुल 56 रन) व दक्षिण अफ्रीका के एडन मरक्रम (कुल 49 रन) शुरू के दो मैचों में अच्छे आगाज को बड़ी पारी में नहीं बदल पाए हैं। पिछले संस्करण में बल्ले से दमदार प्रदर्शन करने वाले निकोलस पूरन का शुरू के दो मैचों में कुल 9 रन और आयुष बडौनी का कुल 16 रन ही बना पाना लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए बड़ी चिंता का सबब है।

कप्तान ऋषभ पंत (कुल 68 रन) ने लखनऊ में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पहले मैच में बदकिस्मती से रन आउट होने के बाद सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ बल्ले से अनुकरणीय प्रदर्शन कर अविजित अर्द्धशतक जड़ने के साथ अब्दुल समद (कुल 52 रन) के साथ मिलकर जिस तरह लखनऊ सुपर जायंट्स को पांच विकेट से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई, उससे साफ है कि वह अपनी टीम के जीत के सिलसिले को आगे बढ़ाने के मकसद से ही ईडन गार्डंस में उतरेंगे।

दूसरी ओर, जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी (4 विकेट), वैभव अरोड़ा (तीन विकेट) और नए गेंदबाजी एक्शन के साथ उतरने वाले उत्तर प्रदेश के तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी (2 विकेट) जैसे तेज गेंदबाजों की त्रिमूर्ति के साथ अपनी रंगत पाने के लिए जूझ रहे लेग स्पिनर सुनील नारायण (एक विकेट) और अनुकूल राय (एक विकेट) तथा विकेट के लिए तरस गए वरुण चक्रवर्ती जैसे केकेआर के गेंदबाजों के लिए लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत, मिचेल मार्श, मरक्रम और निकोलस पूरन को रोकना कड़ी चुनौती होगा।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के निर्देश पर ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन को आईपीएल 2026 के शुरू के चार मैचों में गेंदबाजी नहीं करनी थी। ग्रीन ने मौजूदा सीजन में केकेआर के लिए मुंबई इंडियंस के खिलाफ पहले मैच में 10 गेंदों में 18 और दूसरे मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ रन आउट होने से पहले दो गेंदें खेलकर दो रन बनाए थे। कैमरून ग्रीन को ऑलराउंडर के रूप में केकेआर ने नीलामी में सबसे महंगा 25 करोड़ 20 लाख रुपये में खरीदा था। बल्ले से नाकाम रहने के बाद ग्रीन के गेंदबाजी भी न कर पाने से केकेआर का गेंदबाजी संयोजन भी गड़बड़ा गया है।

2023 आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए कैमरून ग्रीन ने तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 16 पारियों में 50 की औसत से 432 रन बनाए थे और तब वह बल्ले से खासे प्रभावी दिखे थे। अब बल्लेबाजी करते हुए कैमरून ग्रीन खासे असमंजस में नजर आ रहे हैं। केकेआर को जीत की राह पर लौटना है तो कैमरून ग्रीन को बल्ले से कमाल दिखाने के साथ गेंदबाजी शुरू कर विकेट चटकाने में अहम योगदान करने की जरूरत है।

नौजवान बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी के शुरू के दो मैचों में दो तथा कप्तान अजिंक्य रहाणे के पहले मैच में जड़े अर्द्धशतकों के बावजूद फिन एलन और कैमरून ग्रीन सरीखे अपने सबसे महंगे खिलाड़ी सहित अपने शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों की नाकामी के कारण केकेआर को हार झेलनी पड़ी। उनके तुरुप के लेग स्पिनर सुनील नारायण और वरुण चक्रवर्ती विकेटों के लिए तरस गए हैं, जबकि तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी के सबसे ज्यादा चार विकेट और वैभव अरोड़ा के तीन विकेट चटकाने के बावजूद वे सबसे महंगे साबित हुए हैं।

गेंदबाज तय करते हैं मैच की दिशा : ऋषभ पंत

लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत ने कहा, ‘मेरा आखिर तक क्रीज पर रहकर अपनी लखनऊ सुपर जायंट्स टीम को जिताकर लौटना मेरे लिए बहुत बड़ी उपलब्धि रहा। गेंदबाजों की तारीफ की जानी चाहिए क्योंकि वे ही मैच की दिशा तय करते हैं। तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और आवेश खान के साथ लेग स्पिनर दिग्वेश राठी सहित हमारे सभी गेंदबाजों ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ उसके घर में हमारी टीम को जिताने में योगदान किया, साथ ही बाएं हाथ के स्पिनर सिद्धार्थ ने भी गेंद से योगदान किया। हमारा यह मानना है कि कोई भी मैच आदर्श मैच नहीं होता। प्रबंधन के लिहाज से हमें आलोचनात्मक रुख अपनाना पड़ता है, लेकिन हम योजना को अमली जामा पहनाने की तारीफ करते हैं। मैं जानता हूं कि मैं बढ़िया ढंग से तैयारी कर रहा था। बस यही कहूंगा कि अंत भला, तो सब भला। मैं अपने बल्ले से जवाब देना चाहता था। मेरी टीम के साथी और हमारा प्रबंधन जानता है कि मैं कितनी शिद्दत से मेहनत कर रहा था और यही बात मायने भी रखती है।’

मैंने धीमी गेंद का बहुत इस्तेमाल किया : शमी

सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ ‘मैन ऑफ द मैच’ रहे लखनऊ सुपर जायंट्स के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने कहा, ‘हम अपना पिछला मैच हार गए थे और लय पाने के लिए हमारे लिए सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच जीतना जरूरी था। आप यदि खेलना चाहते हैं तो आपको मैच में बने रहना है। आप पूरी तरह फिट होने पर अपना कौशल बेहतर करने के लिए मेहनत कर सकते हो। मैं इसीलिए घरेलू मैचों में बराबर खेलता रहा। बिना कौशल और अनुभव के कुछ मुमकिन नहीं। बावजूद इसके आपको हालात के मुताबिक ढलना होता है। मैं बीते बरस भी यहाँ था, और मैंने धीमी गेंद का बहुत इस्तेमाल किया। प्रतिद्वंद्वी टीमों के गेंदबाजों ने धीमी गेंदों का बहुत इस्तेमाल किया तो फिर हम भी क्यों न इसका इस्तेमाल करें।’

बृहस्पतिवार का मैच: लखनऊ सुपर जायंट्स बनाम केकेआर, कोलकाता (शाम साढ़े सात बजे से)।

YuvaSahakar Desk