Trending News

सुप्रीम कोर्ट ने एसआईआर को ठहराया वैध, चुनाव आयोग को दिया अधिकार कर्नाटक में मुख्यमंत्री बदलने की अटकलें, डीके शिवकुमार को सत्ता सौंप सकते हैं सिद्धारमैया केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के घर सहित 12 ठिकानों पर ईडी की रेड, मनी लॉन्ड्रिंग का है मामला, बेटी भी आरोपों के घेरे में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात टायटंस को 92 रनों से दी पटखनी, IPL 2026 के फाइनल में पहुंची सुप्रीम कोर्ट ने एसआईआर को ठहराया वैध, चुनाव आयोग को दिया अधिकार कर्नाटक में मुख्यमंत्री बदलने की अटकलें, डीके शिवकुमार को सत्ता सौंप सकते हैं सिद्धारमैया केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के घर सहित 12 ठिकानों पर ईडी की रेड, मनी लॉन्ड्रिंग का है मामला, बेटी भी आरोपों के घेरे में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात टायटंस को 92 रनों से दी पटखनी, IPL 2026 के फाइनल में पहुंची

GT को हरा लगातार तीसरी जीत के साथ शीर्ष पर पहुंचने उतरेगी दिल्ली

गुजरात टाइटंस भले ही शुरू के दोनों मैच हार चुकी है, लेकिन इसके बावजूद उसने जिस तरह आखिरी तक जूझने का जज्बा दिखाया है उसके मद्देनजर दिल्ली कैपिटल्स उसे हल्के में नहीं ले सकती। एक दिलचस्प बात यह है कि गुजरात टाइटंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 2025 में पहले अहमदाबाद में फिर दिल्ली में अंतिम ओवर में हराया था, इसलिए वह मेजबान दिल्ली कैपिटल्स को लगातार तीसरे मैच में हरा कर जीत की राह पर वापस लौटने की उम्मीद कर सकती है।

Published: 17:08pm, 07 Apr 2026

नई दिल्ली, 7 अप्रैल, 2026: कप्तान अक्षर पटेल की अगुआई में लगातार दो मैच जीतने वाली दिल्ली कैपिटल्स अब गुजरात टाइटंस को भी यहां बुधवार को अपने घरेलू मैदान अरुण जेटली स्टेडियम में हरा लगातार तीसरी जीत के साथ आईपीएल 2026 में शीर्ष पर पहुंचने के संकल्प के साथ उतरेगी। दिल्ली कैपिटल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को उसके घर लखनऊ में पहले मैच में 17 गेंदों के बाकी रहते और फिर अपने घर में मेहमान मुंबई इंडियंस को छह विकेट के समान अंतर से हराया।

दिल्ली कैपिटल्स को अपने शीर्ष क्रम में केएल राहुल और नीतिश राणा के नाकाम रहने के बावजूद लगातार दो अर्द्धशतक जड़ दोनों में ‘मैन ऑफ द मैच’ रहे मेरठ के 22 बरस के विस्फोटक युवा बल्लेबाज समीर रिजवी ने जीत दिलाई। समीर रिजवी ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ ट्रिस्टन स्टब्स (कुल 42 रन) के साथ 119 और मुंबई इंडियंस के खिलाफ इसी अरुण जेटली स्टेडियम में पथुम निसंका (कुल 45 रन) के साथ 66 और खुद आउट होने से पहले डेविड मिलर के साथ चौथे विकेट की 78 रन की भागीदारी कर जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। समीर रिजवी फिलहाल शुरू के दो मैचों में दो अर्द्धशतकों की बदौलत 190 रन के साथ रन बनाने में शीर्ष पर चल रहे हैं।

दूसरी ओर, गुजरात टाइटंस पहले मैच में पंजाब किंग्स से उसके न्यू चंडीगढ़ के मैदान पर तीन विकेट और दूसरे मैच में अपने अस्वस्थ कप्तान शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में अपने घर अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 200 रन के पार पहुंचने के बाद राजस्थान रॉयल्स से मात्र छह रन से हार कर राह भटक चुकी है। गुजरात टाइटंस की कोशिश लगातार दो हार के सिलसिले को तोड़ हार की हैट्रिक से बचकर जीत की राह पर वापस लौटने की होगी। गुजरात टाइटंस को अपने घर में अपने नियमित कप्तान का अस्वस्थ होने के कारण राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ न खेल पाना बहुत अखरा। गुजरात टाइटंस उम्मीद करेगा कि शुभमन गिल फिट होकर दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ बुधवार को खेलने उतरेंगे।

गुजरात टाइटंस भले ही शुरू के दोनों मैच हार चुकी है, लेकिन बावजूद इसके उसने जिस तरह आखिरी तक जूझने का जज्बा दिखाया उसके मद्देनजर दिल्ली कैपिटल्स उसे हल्के में तो कतई नहीं ले सकती है। एक दिलचस्प बात यह है कि गुजरात टाइटंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 2025 में पहले अहमदाबाद में फिर दिल्ली में अंतिम पूर्व ओवर में हराया, जिससे वह मेजबान दिल्ली कैपिटल्स को लगातार तीसरे मैच में हरा कर जीत की राह पर वापस लौटने की उम्मीद कर सकती है।

बीते बरस इसी मैदान पर साई सुदर्शन के शतक और कप्तान शुभमन गिल के अविजित 93 रन की पारी की बदौलत गुजरात टाइटंस ने दिल्ली कैपिटल्स को केएल राहुल के शतक के बावजूद दस विकेट से हराया था। गुजरात टाइटंस भले ही अपने दूसरे मैच में साई सुदर्शन की 73 रन की पारी के बावजूद राजस्थान रॉयल्स से छह रन से हार गई हो, लेकिन उसके बल्लेबाज यदि जोश के साथ कुछ होश भी दिखाएं तो वह दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ जरूर जीत की राह पर लौट सकती है।

गुजरात टाइटंस के रफ्तार के नए सौदागर अशोक शर्मा, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा जैसे तेज गेंदबाजों की चौकड़ी और लेग स्पिनर राशिद खान, वाशिंगटन सुंदर और ग्लेन फिलिप्स जैसे ऑफ स्पिनरों की मौजूदगी वाली स्पिन त्रिमूर्ति ने यदि समीर रिजवी, केएल राहुल, पथुम निसंका और डेविड मिलर को सस्ते में आउट कर दिया तो फिर दिल्ली कैपिटल्स के लिए संभलना बहुत मुश्किल हो सकता है।

दिल्ली कैपिटल्स के पास भी मुकेश कुमार (दो विकेट), चार-चार विकेट चटकाने वाले लुंगी एंगिडी और टी नटराजन जैसे तेज गेंदबाजों और कप्तान अक्षर पटेल, बाएं हाथ के लेग स्पिनर कुलदीप यादव और विपराज निगम के रूप में दो-दो विकेट चटकाने वाले स्पिनरों की त्रिमूर्ति है, जिनमें गुजरात टाइटंस के मध्यक्रम पर बीच के ओवरों में लगाम लगाने का दम है। दरअसल, दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस दोनों का गेंदबाजी आक्रमण खासा मजबूत है और जिसके भी बल्लेबाज जोश के साथ होश दिखाएंगे, जीत उसी के हिस्से आएगी।

‘टी-20 क्रिकेट में लचीलापन जरूरी’: अक्षर पटेल

दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने कहा, ‘टी-20 क्रिकेट में आपको लचीलापन यानी मैच की जरूरत के मुताबिक बदलाव की जरूरत होती है। आपके पास यदि ऐसे बल्लेबाज हैं जो कि किसी भी नंबर पर बल्लेबाजी कर सकते हैं तो आप उन्हें अलग तरह की पिच पर खुले दिमाग के साथ इस्तेमाल कर सकते हैं। ऐसा पक्का नहीं है कि आप यदि किसी को बल्लेबाजी क्रम में ऊपर भेजते हैं तो यह कारगर रहेगा ही। आपका यदि यह रणनीतिक दांव कारगर रहता है तो बहुत बढ़िया है। आशुतोष शर्मा बढ़िया बल्लेबाजी कर रहे हैं लेकिन आपको दिन विशेष की जरूरत के मुताबिक खिलाड़ी को चुनना होता है। यदि मुझे यह चुनाव करना पड़े तो मुश्किल है और यह दर्शाता है कि हमारी दूसरी पंक्ति कितनी मजबूत है। खासतौर पर मैचों के बीच अंतराल के समय हम समय पर केवल एक मैच की बाबत सोच अपनी लय बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं।’

‘मैंने अपनी कमजोरियों को दूर करने पर बहुत मेहनत की’: समीर रिजवी

दिल्ली कैपिटल्स की शुरू के दो मैचों की जीत के नायक समीर रिजवी ने कहा, ‘मैंने अपनी कमजोरियों को दूर करने पर बहुत मेहनत की है। मैं तेज गेंदबाजों के खिलाफ इतना बढ़िया नहीं था और इसीलिए मैंने अपनी इस कमजोरी को दूर करने के लिए पिछले साल बहुत मेहनत की। मैंने मैच की नजाकत के मुताबिक बल्लेबाजी करने की कोशिश की। मैंने जमने में कुछ वक्त लिया और फिर अपने शॉट खेले। मैं गेंद को जितनी ज्यादा देर देख सकता था, देखा और फिर शॉट खेले। मैंने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैच में भी यही किया था। आप यदि यहाँ रन बनाते हैं तो फिर हम जैसे नौजवानों को इससे आत्मविश्वास के साथ मौके भी मिलते हैं।’

‘हम गलतियों से सबक लेकर मजबूत होकर लौटेंगे’: राशिद खान

गुजरात टाइटंस के तुरुप के लेग स्पिनर व कार्यवाहक कप्तान राशिद खान बोले, ‘जिस तरह राजस्थान रॉयल्स ने आगाज किया था उस लिहाज से हमने वाकई बढ़िया गेंदबाजी की। हमने बल्लेबाजी करते वक्त बढ़िया आगाज किया लेकिन इसके बाद हम लगातार विकेट गंवा बैकफुट पर आ गए। हमने इसी दौरान लय खो दी। इस तरह की पिच पर 9-10 रन प्रति ओवर कोई बहुत मुश्किल लक्ष्य नहीं था। हमें बाउंड्री मिल रही थी। हम इस दौरान जल्दी-जल्दी विकेट गंवा दिए और आखिरी तक लय नहीं बनाए रख सके। बीच के ओवरों के लिए हर किसी की अपनी योजना होती है। आपको बीच के ओवरों में हालात का जायजा लेने के साथ मैच की जरूरत को भी समझना होता है। यह तो अभी आईपीएल की शुरुआत है, हम गलतियों से सबक लेकर मजबूत होकर लौटेंगे। जहाँ तक मैच के आखिरी ओवर की बात है तो आपस में हमारे बीच यह चर्चा हुई कि हमें बस एक बाउंड्री लगाने की जरूरत है। राजस्थान रॉयल्स के तुषार देशपांडे ने कुछ गजब की यॉर्कर कीं। वह जिस एक गेंद पर चूके मुझे उस पर छक्का जड़ना चाहिए था। बस शांत रहने की जरूरत थी। आईपीएल खासा लंबा टूर्नामेंट रहने वाला है। हम इससे सीख कर मजबूती से वापसी करेंगे। मैं उम्मीद करता हूं कि शुभमन गिल दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच के लिए फिट होंगे।’

YuvaSahakar Desk