15 बरस के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल और ध्रुव जुरेल के शुरू के दो मैचों में एक-एक अर्द्धशतक की बदौलत 2026 इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में शुरू के दोनों मैच जीतने से राजस्थान रॉयल्स के हौसले बुलंद हैं। रंग में चल रहे अपने शीर्ष क्रम की बदौलत राजस्थान रॉयल्स अब अपने दूसरे घरेलू मैदान गुवाहाटी में राह भटक चुकी मुंबई इंडियंस को मंगलवार को हरा जीत की हैट्रिक लगा शीर्ष पर पहुंचने के इरादे से उतरेगी।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (आरसीबी), राजस्थान रॉयल्स, दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के शुरू के अपने-अपने दोनों मैच जीतने से समान रूप से चार-चार अंक हैं। आरसीबी से नेट रन रेट में पिछड़ कर राजस्थान रॉयल्स फिलहाल दूसरे स्थान पर है।
राजस्थान रॉयल्स ने मौजूदा सीजन में अपना अभियान 15 बरस के वैभव सूर्यवंशी के मात्र 15 गेंदों में अर्द्धशतक की बदौलत अपने घरेलू मैदान गुवाहाटी में आठ विकेट से जीत के साथ शुरू किया। इसके बाद लेग स्पिनर रवि बिश्नोई के गेंद से ‘चौके’ (चार विकेट) और यशस्वी व ध्रुव जुरेल के तूफानी अर्द्धशतकों की बदौलत, राजस्थान ने अपने अस्वस्थ कप्तान शुभमन गिल के बिना खेलने उतरने वाली गुजरात टाइटंस को एक बेहद रोमांचक और बड़े स्कोर वाले मैच में छह रन से हराया।
राजस्थान रॉयल्स के लिए उसके शीर्ष क्रम में ध्रुव जुरेल और यशस्वी जायसवाल ने एक-एक अर्द्धशतक सहित समान रूप से 93-93 रन बनाए हैं, जबकि वैभव सूर्यवंशी ने एक अर्द्धशतक सहित 83 रन बनाए हैं। राजस्थान रॉयल्स का शीर्ष क्रम जिस तरह रंग में है, उसके मद्देनजर फिलहाल तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह, दीपक चाहर, हार्दिक पांड्या, कॉर्बिन बॉश और ट्रेंट बोल्ट जैसे मुंबई इंडियंस के संघर्षरत तेज गेंदबाजों और लेग स्पिनर मयंक मारकंडे व बाएं हाथ के स्पिनर मिचेल सेंटनर जैसे स्पिनरों के लिए उन्हें रोकना बड़ी चुनौती होगा।
बिश्नोई के साथ बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा व खुद कामचलाऊ ऑफ स्पिनर कप्तान रियान पराग के रूप में स्पिन त्रिमूर्ति के साथ जोफ्रा आर्चर, नेंड्रे बर्गर, तुषार देशपांडे और संदीप शर्मा के रूप में राजस्थान रॉयल्स का विविधतापूर्ण तेज गेंदबाजी आक्रमण मुंबई इंडियंस के रेयान रिकलटन व रोहित शर्मा की सलामी जोड़ी, सूर्यकुमार यादव और शुरू के दोनों मैचों में नाकाम रहे तिलक वर्मा का अच्छा इम्तिहान ले सकता है। खासतौर पर तुषार देशपांडे की आखिर के मारधाड़ वाले ओवरों में बड़े जिगरे से की जाने वाली गेंदबाजी राजस्थान को बड़ा स्कोर खड़ा करने से रोकने और अपने कम स्कोर को बचाने का भी हौसला देती है। राजस्थान रॉयल्स के लेग स्पिनर रवि बिश्नोई गुजरात टाइटंस के खिलाफ पिछले मैच में रविवार को चार विकेट सहित शुरू के दो मैचों में सबसे ज्यादा पांच विकेट चटकाकर शीर्ष पर चल रहे हैं।
दूसरी ओर, मुंबई इंडियंस के सामने लगातार दूसरी हार से बचने की चुनौती होगी। हार्दिक पांड्या की अगुआई में मुंबई इंडियंस ने अपने घर मुंबई में केकेआर पर बड़े स्कोर वाले मैच में छह विकेट से जीत के साथ आगाज किया था, लेकिन उनके अस्वस्थ होने पर दूसरे मैच में दिल्ली कैपिटल्स से छह विकेट से हार कर टीम राह भटक चुकी है।
मुंबई इंडियंस के सामने बड़ा सवाल यह रहेगा कि अस्वस्थ होने के कारण दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ उपलब्ध न होने वाले उसके नियमित कप्तान हार्दिक पांड्या क्या राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ इस अहम मैच के लिए मंगलवार को उपलब्ध रहेंगे। मुंबई इंडियंस ने राजस्थान रॉयल्स से बीते बरस अंतिम मैच सहित पिछले पांच में से तीन मैच जीते हैं और वह उसके खिलाफ जरूर जीत का सिलसिला आगे बढ़ाने के मकसद से उतरेगी।
मुंबई के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा (कुल 113 रन) दो मैचों के बाद एक अर्द्धशतक सहित रन बनाने में तीसरे स्थान पर चल रहे हैं, जबकि दूसरे मैच में कप्तानी की जिम्मेदारी संभालने वाले सूर्यकुमार यादव ने शुरू के दो मैचों में एक अर्द्धशतक सहित कुल 67 रन बनाए हैं। मुंबई को सतर्क रहना होगा क्योंकि राजस्थान के वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल या ध्रुव जुरेल तीनों में ही अपने दम पर मैच जिताने की क्षमता है, जैसा कि दिल्ली कैपिटल्स के समीर रिजवी ने मौजूदा सीजन में मुंबई के खिलाफ तूफानी अर्द्धशतक जड़ कर दिखाई थी।
उम्मीद करता हूं ध्रुव जुरेल इस बार हमें खिताब जिताएंगे: रियान पराग
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने कहा, ‘हमारे लिए गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच के आखिरी दो ओवरों में, पहले 19वें ओवर में जोफ्रा आर्चर और फिर तुषार देशपांडे ने आखिरी ओवर में लाजवाब गेंदबाजी की। आर्चर और देशपांडे ने जी-जान लगा पूरी रफ्तार के साथ गेंदबाजी कर जिस तरह रणनीति को अंजाम दिया, उसे देख कर मैं रोमांचित हूं। मैं पहले जोफ्रा और देशपांडे की गेंदबाजी का क्रम बदलना चाहता था। मैं ध्रुव जुरेल की तारीफ करूंगा कि वह मेरे पास आए और मुझसे कहा कि मैं 19वां ओवर जोफ्रा से फिंकवाऊं। मैं चाहता था कि आखिरी दो ओवरों में ये दोनों सीधी और पूरी रफ्तार से गेंद करें। ध्रुव जुरेल ने बहुत मेहनत की है; उन्होंने इससे पहले छठे-सातवें नंबर पर बल्लेबाजी की थी, अब उनके पास मौका है। मैं पहला व्यक्ति था जिसने कहा था कि वह तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे। मैं उम्मीद करता हूं कि ध्रुव जुरेल छह-सात सौ रन बना हमें इस बार आईपीएल खिताब जिताएंगे।’
मैंने अपनी गेंदबाजी पर बहुत मेहनत की: रवि बिश्नोई
राजस्थान रॉयल्स के तुरुप के लेग स्पिनर रवि बिश्नोई ने कहा, ‘मेरे लिए पिछला आईपीएल सीजन खासा मुश्किल रहा था। तब मैं गेंदबाजी करते हुए अपनी लेंथ चूक रहा था और मेरी गेंदों की धुनाई हो रही थी। मैं अपनी गेंदबाजी लेंथ पर मेहनत कर रहा था। मैंने अपनी गेंदबाजी पर शारीरिक, तकनीकी और जेहनी तौर पर बहुत मेहनत की। मैंने अपनी गेंदबाजी बेहतर करने के लिए गेंदबाजी की। मेरे लिए गुजरात टाइटंस के खिलाफ राहुल तेवतिया का विकेट सबसे बढ़िया विकेट था क्योंकि वह इस तरह की परिस्थितियों के लिए एक जाने-माने खिलाड़ी हैं। यदि तब तेवतिया आउट नहीं हुए होते तो मैच किसी ओर भी जा सकता था। जिस तरह तुषार देशपांडे ने 20वें और जोफ्रा आर्चर ने 19वें ओवर में गेंदबाजी की, यह हमारी टीम का सामूहिक प्रयास था। मैं उम्मीद करता हूं कि हमारी यह नौजवान टीम इसी तरह हर किसी का मनोरंजन जारी रखेगी।’
खेल की समीक्षा कर अगले मैच में बेहतर खेलने उतरेंगे: सूर्यकुमार यादव
अस्वस्थ हार्दिक पांड्या की जगह दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ कप्तानी करने वाले सूर्यकुमार यादव ने कहा, ‘हम उम्मीद कर रहे थे कि अरुण जेटली स्टेडियम की पिच कुछ धीमी रहेगी। मैं दिल्ली के गेंदबाजों और समीर रिजवी से जीत का श्रेय छीनना नहीं चाहता, लेकिन यह जरूर कहूंगा कि हमने 15-20 रन कम बनाए। दिल्ली की जीत का ज्यादा श्रेय समीर रिजवी को है जिन्होंने हमें मैच में लौटने ही नहीं दिया। पिच का मिजाज मैच में बहुत नहीं बदला, दिल्ली के बल्लेबाजों ने इसे भांप कर बल्लेबाजी की। जब आप पहले बल्लेबाजी करते हैं तो सही स्कोर का अंदाजा लगाना कठिन होता है। हमारा मानना था कि 180-185 का स्कोर अच्छा होगा। मैं और नमन गलत वक्त पर आउट हुए। गेंद से इस तरह के दिन भी आते हैं। हम अपने खेल की समीक्षा कर अगले मैच में बेहतर खेलने उतरेंगे।’
मैच: राजस्थान रॉयल्स vs मुंबई इंडियंस, गुवाहाटी ( मंगलवार, शाम साढ़े सात बजे से)


