कप्तान अजिंक्य रहाणे के तेज अर्धशतक के बावजूद कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) मेजबान मुंबई इंडियंस से और कप्तान ईशान किशन के विस्फोटक अर्धशतक के बावजूद सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) से उसके गढ़ बेंगलुरु में 19वें आईपीएल 2026 में अपना-अपना पहला मैच छह-छह विकेट से हार चुकी हैं। अब केकेआर और सनराइजर्स हैदराबाद कोलकाता के ईडन गार्डंस में गुरुवार को जीत की राह पर लौटने के लिए आमने-सामने होंगी।
केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे 67 रन की बेहतरीन पारी खेलने के बाद पिंडली में आई ऐंठन के चलते, मुंबई इंडियंस जब बल्लेबाजी के लिए उतरी तो कुछ ही देर बाद मैदान से बाहर चले गए और फिर उपकप्तान रिंकू सिंह ने कप्तानी की जिम्मेदारी संभाली। केकेआर और सनराइजर्स हैदराबाद को पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा करने और 200 रन के पार पहुँचने के बावजूद, खासतौर पर अपनी कमजोर तेज गेंदबाजी के चलते पहले मैच में हार का सामना करना पड़ा।
केकेआर ने पिछले साल दिल्ली में सनराइजर्स हैदराबाद से अपना अंतिम मैच 110 रन के बड़े अंतर से हारने को छोड़, आईपीएल में उससे पिछले पाँच में से लगातार चार मैच जीते हैं। वहीं हेनरिक क्लासेन के तूफानी शतक और ट्रेविस हेड के अर्धशतक तथा तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट, ईशान मलिंगा और बाएं हाथ के स्पिनर हर्ष दुबे द्वारा चटकाए तीन-तीन विकेट की बदौलत सनराइजर्स की टीम पिछले साल केकेआर पर दर्ज बड़ी जीत को दोहराने की कोशिश में गुरुवार को उतरेगी।
सनराइजर्स हैदराबाद को अपने नियमित कप्तान ऑस्ट्रेलिया के पैट कमिंस और जैक एडवर्ड्स के चोट के कारण उपलब्ध न होना भारी पड़ा। एडवर्ड्स तो चोट के चलते सनराइजर्स को पूरे आईपीएल सीजन के लिए उपलब्ध नहीं होंगे, जबकि कमिंस टीम से जुड़ने के बावजूद शुरू के चार मैचों के बाद ही गेंदबाजी शुरू कर सकेंगे। वहीं भारत और केकेआर के सबसे भरोसेमंद तेज गेंदबाज हर्षित राणा घुटने के ऑपरेशन और आकाशदीप के पीठ की चोट के चलते बाहर होने, और बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार के बाद भारत में विरोध के चलते बांग्लादेश के मुस्तफिजुर रहमान के हटने और श्रीलंका के मथीशा पथिराना के भी आईपीएल के शुरुआती मैचों में उपलब्ध नहीं होने से केकेआर की गेंदबाजी उसकी सबसे कमजोर कड़ी नजर आ रही है।
ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन के फिलहाल गेंदबाजी शुरू नहीं करने पर, बाएं हाथ के कीवी स्पिन ऑलराउंडर रचिन रवींद्र को जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजारबानी की जगह उतार कर केकेआर अपना टीम संतुलन बेहतर कर सकती है। पहले मैच में भले ही केकेआर के मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती और सुनील नारायण कुछ महंगे साबित हुए हों, लेकिन ये दोनों तेज गेंदबाज वैभव अरोड़ा के साथ मिलकर बढ़िया गेंदबाजी कर सनराइजर्स हैदराबाद के ट्रेविस हेड व अभिषेक शर्मा की सलामी जोड़ी के साथ कप्तान ईशान किशन और पिछले साल शतक जड़ने वाले हेनरिक क्लासेन पर लगाम लगा अपनी टीम को जिताने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
सनराइजर्स के लिए पहले मैच में अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड की सलामी जोड़ी भले ही सस्ते में आउट हो गई, लेकिन हर बार यह जोड़ी चूके इसकी आशंका कम है। अभिषेक शर्मा व हेड की सलामी जोड़ी के साथ ईशान किशन और क्लासेन की जोड़ी रंग में रही तो वह पावरप्ले में ही केकेआर के गेंदबाजी आक्रमण को ध्वस्त कर सनराइजर्स को जिताने का माद्दा रखती है।
अभी नियमित कप्तान ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज पैट कमिंस के फिलहाल अगले कम से कम तीन मैचों के लिए उपलब्ध नहीं होने पर सनराइजर्स हैदराबाद के जयदेव उनादकट, नीतीश रेड्डी, हर्षल पटेल, ईशान मलिंगा और डेविड पेन जैसे तेज गेंदबाजों की चौकड़ी केकेआर के रहाणे व फिन एलन की सलामी जोड़ी को पावरप्ले में आउट कर उन पर मैच के शुरू में ही दबाव बनाने की पुरजोर कोशिश करेगी।
सनराइजर्स हैदराबाद के पास बाएं हाथ के स्पिनर हर्ष दुबे ही इकलौते खालिस स्पिनर हैं, हालांकि कामचलाऊ स्पिनर के रूप में अभिषेक शर्मा और उनके सलामी जोड़ीदार ट्रेविस हेड भी मौजूद हैं। सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट, हर्षल, नीतीश रेड्डी और पेन के लिए केकेआर के कप्तान रहाणे व फिन एलन की सलामी जोड़ी के साथ कैमरून ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी और उपकप्तान रिंकू सिंह के बल्ले से निकलने वाले तूफान को रोकना बेहद कड़ी चुनौती होगा।
‘अगले मैच जीतते हैं तो हमारे लिए बेहतर होगा’
“बेंगलुरु के चिन्नास्वामी मैदान की पिच शुरू के तीन-चार ओवरों के बाद बल्लेबाजी के लिए बढ़िया रही। हमने पारी के शुरू में ही कुछ विकेट गंवा दिए। बाद में जब आरसीबी की टीम बल्लेबाजी के लिए उतरी तो तब पिच बल्लेबाजी के लिए और बढ़िया हो गई थी। हमारे बल्लेबाजों को कुछ समझदारी से अपने स्ट्रोक खेलने होंगे। हमारे लिए मौजूदा चैंपियन आरसीबी की बल्लेबाजी के स्तंभ विराट (कोहली) भाई का विकेट जल्द चटकाना जरूरी था लेकिन उन्होंने बेहतरीन पारी खेली। हमें अब अगले मैच में और मेहनत करनी होगी। पहले मैच में इस तरह की गलतियां हो गई सो हो गई, लेकिन हमें अब अगले मैचों में बेहद सतर्क रहना होगा। मैं कप्तानी का लुत्फ उठा रहा हूँ लेकिन यह आईपीएल है, यहाँ कई बार आप थोड़ा लड़खड़ा जाते हैं लेकिन हम आगे बतौर टीम बेहतर होंगे। हम अगले मैच जीतते हैं तो हमारे लिए बेहतर होगा।” – ईशान किशन, कप्तान, सनराइजर्स हैदराबाद
‘ग्रीन जब गेंदबाजी शुरू कर देंगे तो हमारा संयोजन बेहतर हो जाएगा’
“पिंडलियों में आई ऐंठन के बाद अब बेहतर महसूस कर रहा हूँ। उम्मीद है मैं अगले मैचों के लिए पूरी तरह फिट हो जाऊँगा। हमारे अनुभवहीन गेंदबाजी आक्रमण को मुंबई इंडियंस के खिलाफ वाकई खासी दिक्कत पेश आई, लेकिन हमारे नौजवान गेंदबाज इस अनुभव से जरूर सीखेंगे और सीखने में लगे भी हैं। मेरा मानना है मुंबई इंडियंस ने हमारे खिलाफ बेहतरीन बल्लेबाजी की। हमारे गेंदबाज बेशक सीखेंगे। जहाँ तक मेरी उम्र का सवाल है, मैं अभी भी जवान हूँ। मैंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ जिस तरह बल्लेबाजी की उससे मैं खुश हूँ। मैं उम्मीद करता हूँ कि कैमरून ग्रीन जब जल्दी ही गेंदबाजी शुरू कर देंगे तो हमारा संयोजन कुछ अलग और बेहतर हो जाएगा। हमने वाकई बढ़िया बल्लेबाजी की लेकिन गेंद के साथ तालमेल बैठाना वाकई अहम है। जहाँ तक ग्रीन के गेंदबाजी न करने की बात है, तो इस सवाल का जवाब तो क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ही दे सकता है। हमारे लिए सकारात्मक बात हमारी बढ़िया बल्लेबाजी के साथ नौजवान तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी की शानदार गेंदबाजी रही। कार्तिक कुछ अंतराल के बाद खेले लेकिन उन्होंने वाकई दमदार गेंदबाजी की। बहुत कुछ सकारात्मक रहा लेकिन हमें अभी लंबा रास्ता तय करना है।” – अजिंक्य रहाणे, कप्तान, केकेआर (कोलकाता नाइट राइडर्स)


