खासतौर पर ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाजों की चोट या इससे उबरने की लंबी होती फेहरिस्त के चलते भारत 28 मार्च से शुरू हो रही दुनिया की सबसे महंगी टी 20 इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में शिरकत करने वाली भारतीय क्रिकेट फ्रेंचाइजी को खासा धक्का लगा है।
ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क दिल्ली कैपिटल्स के लिए आईपीएल के शुरू के मैचों में नहीं खेल पाएंगे। वहीं ऑस्ट्रेलिया के ही तेज गेंदबाज नाथन एलिस (चेन्नई सुपर किंग्स) व जैक एडवडर्स (सनराइजर्स हैदरबाद) और इंग्लैंड के सैम करेन (राजस्थान रॉयल्स) चोटों के चलते आईपीएल से बाहर हो गए हैं।
ऑस्ट्रेलिया के कप्तान तेज गेंदबाज चोट के चलते सनराइजर्स हैदराबाद और जोश हेजलवुड रॉयल चैंलेंजर्स बेंगलुरू (आरसीबी) के लिए आईपीएल में शुरू के कुछ मैचों से पहले ही बाहर हो चुके हैं।नाथन एलिस जांघ की मांसपेशी की चोट के फिर उभरने के चलते आईपीएल से हटना चेन्नई सुपर किंग्स और जैक एडवडर्स का चोट के चलते हटना सनराइजर्स हैदराबाद के लिए बड़ा झटका है। पैट कमिंस इसीलिए हाल ही में भारत में हुए टी 20 क्रिकेट विश्व कप में भी ऑस्ट्रेलिया के लिए नहीं खेले थे।
दरअसल क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) आगामी व्यस्त क्रिकेट कैलेंडर को ध्यान में रखते हुए अपने प्रमुख तेज गेंदबाजों के कार्यभार पर नजर रख रहा है। वहीं सीएसके से राजस्थान रॉयल्स को ट्रेड किए गए इंग्लैंड के सैम करेन भी चोट के चलते आईपीएल से लगभग बाहर हो चुके हैं।
न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज लॉकी फर्गुसन अपने बेटे के जन्म के कारण कुछ वक्त अपनी पत्नी और परिवार के साथ गुजारने के कारण मौजूदा आईपीएल सीजन में शुरूआती चरण के मैचों में अपनी पंजाब किग्स की टीम को उपलब्ध नहीं होंगे। फर्गुसन आईपीएल सीजन के आखिरी में पंजाब किंग्स से जुड़ पाएंगे।
ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क को दिल्ली कैपिटल्स ने 11 करोड़ 75 लाख में खरीदा था। ऑस्ट्रेलिया ने अपने अनुभवी तुरुप के तेज गेंदबाज स्टार्क को उनके कार्यभार प्रबंधन के चलते आईपीएल में शुरू के कुछ मैचों के लिए रोक लिया है। ऑस्ट्रेलिया से आने वाली खबरों के मुताबिक स्टार्क 2026 में आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के लिए उपलब्ध होना आने वाले हफ्तों में उनके फिर से क्रिकेट खेलना शुरू करने के प्रोटोकॉल में हुई प्रगति पर निर्भर करेगा।
स्टार्क यदि दिल्ली कैपिटल्स को आईपीएल में शुरू के कुछ मैचों में नहीं उपलब्ध होते हैं तो उसे अपने गेंदबाजी संयोजन पर फिर से विचार करना पड़ेगा। 36 बरस के स्टार्क के दिल्ली कैपिटल्स के लिए शुरू के मैचों में खेलने को लेकर मसला उनके कार्यभार प्रबंधन को लेकर है। स्टार्क ऑस्ट्रेलिया के लिए इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट की सीरीज के बाद बिग बैश लीग (बीबीएल) के अंतिम चरण में खेले थे। स्टार्क ने अंतर्राष्ट्रीय टी 20 क्रिकेट को बीते बरस अलविदा कह दिया था और ऑस्ट्रेलिया के क्रिकेट के सबसे लंबे प्रारूप यानी टेस्ट टीम का अहम हिस्सा है। ऑस्ट्रेलिया को अगस्त से अगले 12 महीनों में दक्षिण अफ्रीका भारत और इंग्लैंड के दौरों सहित 21 टेस्ट मैच खेलने के साथ अगले साल दक्षिण अफ्रीका में होने वाले आईसीसी वन डे क्रिकेट विश्व कप में भी शिरकत करनी है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया इसलिए उन्हें बहुत समझ बूझ कर टेस्ट में इस्तेमाल कर रहा है।
ऑस्ट्रेलिया के 31 वर्षीय तेज गेंदबाज नाथन एलिस को चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने आईपीएल 2026 के लिए अपनी टीम में बरकरार रखा था। एलिस ने अब तक आईपीएल में कुल 17 में से 16 मैच पंजाब किंग्स के लिए खेले हैं। सीएसके ने हालांकि एलिस के उपलब्ध होने को लेकर कोई अधिकारिक बयान नहीं दिया है। एलिस के चाट के चलते आईपीएल से बाहर होने से सीएसके की तेज गेंदबाजी न्यूजीलैंड के मैट हेनरी, इंग्लैंड के जैमी ओवरटन और जैक फॉकस के साथ भारत के खलील अहमद, अंशुल काम्बोज, गुरजपनीत सिंह और मुकेश कुमार के साथ ऑलराउंडर शिवम दुबे और अमन खान पर निर्भर करेगी। सीएसके आईपीएल 2026 में अपने अभियान का आगाज 30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ उसके दूसरे ‘घरेलू मैदान’ गुवाहाटी में मैच खेल कर करेगी। राजस्थान रॉयल्स इसके बाद 3 अप्रैल को पंजाब किंग्स और 11 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अपने घर में खेलने से पहले 5 अप्रैल को मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (आरसीबी) से बेंगलुरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेलेगी। सीएसके पिछले सीजन में 14 में से मात्र चार मैच जीत कर आखिरी स्थान पर रही थी।
आईपीएल 2026 के लिए तीन करोड़ रुपये में खरीदे गए ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जैक एडवडर्स का चोट के चलते हटना सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के लिए बड़ा झटका है। एडवडर्स यदि खेलते तो उनकी यह पहली आईपीएल होता। सनराइजर्स हैदराबाद के नियमित कप्तान ऑस्ट्रेलिया के पैट कमिंस भी चोट से उबरने की कोशिश में उसके लिए आईपीएल 2026 में शुरू के कम से कम तीन मैच नहीं खेल पाएंगे और इसीलिए इन शुरुआती मैचों में टीम की कप्तानी भारत के इशान किशन करेंगे। ऑस्ट्रेलिया के 25 बरस के तेज गेंदबाज जैक एडवडर्स पैर की चोट के चलते आईपीएल 2026 से बाहर हो गए हैं। जैक एडवडर्स आईपीएल 2025 की नीलामी में खरीदे गए इकलौते अनकैप्ड खिलाड़ी थे। चोट के चलते बाहर होने से उन्हें आईपीएल में अपने करियर का आगाज करने के लिए एक और सीजन इंतजार करना पड़ेगा। एडवडर्स ने बिग बैश लीग (बीबीएल) में सिडनी सिक्सर्ज के लि 13 मैचों में 19 विकेट चटकाने के साथ 133 रन बनाए थे। एडवडर्स ने ऑस्ट्रेलिया के लिए अपना टी 20 अंतर्राष्ट्रीय करियर पाकिस्तान के खिलाफ शुरू किया था। सनराइजर्स हैदराबाद आईपीएल 2026 में अपने अभियान का आगाज 28 मार्च को बेंगलुरू में मौजूदा चैंपियन मेजबान रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (आरसीबी) के खिलाफ मैच से करेगी।
सीएसके से राजस्थान रॉयल्स को ट्रेड किए इंग्लैंड के तेज गेंदबाज सैम करेन भी जांघ की मांसपेशी चोट के चलते आईपीएल 2026 से बाहर हो गए हैं। अब यह देखना होगा क्या राजस्थान रॉयल्स उनकी जगह किसी अनय गेंदबाजी को अपनी टीम से जोड़ेगी। सैम करेन हाल ही में आईसीसी टी 20 क्रिकेट विश्व कप के सेमीफाइनल में इंग्लैंड के लिए भारत के खिलाफ खेले थे, जिसमें उनकी टीम सात रन से हार गई थी। 27 बरस के तेज गेंदबाज ऑलराउंडर सैम करेन को भारतीय स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा के साथ सीएसके ने राजस्थान रॉयल्स को ट्रेड कर दिया था। करेन के लिए राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलने का यह पहला मौका होता। सैम करेन ने अपने आईपीएल करियर का आगाज 2019 में पंजाब किंग्स के लिए किया और 2020 और 2021 में सीएसके लिए खेले। 2023 में सैम करेन को पंजाब किंग्स ने सबसे बड़ी 18 करोड़ 50 लाख की बोली लगाकर खरीदा था और 2024 तक इसी फ्रेंचाइजी से जुड़े रहे। 2025 में सैम करेन को सीएसके ने दो करोड़ 50 लाख रुपये में खरीदा। अभी यह तय नहीं है कि राजस्थान रॉयल्स सैम करेन की जगह किसे लेगी। राजस्थान रॉयल्स के पास भारत के रवींद्र जडेजा और दक्षिण अफ्रीका के डॉनोवान फरेरा के रूप में दो स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर हैं। राजस्थान रॉयल्स ने फरेरा को दिल्ली कैपिटल्स से ट्रेड कर अपनी टीम में शामिल किया है।
हाल ही में पिता बने लॉकी फर्गुसन अपनी राष्ट्रीय टीम के लिए दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी 20 सीरीज खेलने के बाद कुछ ही दिनों के अपने नन्हें बेटे और अपने परिवार के साथ कुछ वक्त बिताने के चलते पंजाब किंग्स से शुरू के कुछ मैच नहीं खेलेंगे और संभवत: आखिरी चरण में ही आईपीएल 2026 के लिए जुड़ पाएंगे। फर्गुसन के शुरू के मैचों में उपलब्ध न होने पर पंजाब किंग्स ऑस्ट्रेलिया के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज बेन डवारशुइस को आईपीएल 2026 में शुरुआती मैचों में अपने 12 खिलाड़ियों में टीम में शामिल कर सकती है। पंजाब किंग्स ने बेन को चार करोड़ 40 लाख रुपये में खरीदा था। पंजाब किंग्स के पास तेज गेंदबाजी में भारत के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप, दक्षिण अफ्रीका के मार्को येनसन, ऑस्ट्रेलिया के जेवियर बार्टलेट और अफगानिस्तान के अजमतुल्लाह उमरजई के रूप में पर्याप्त विकल्प हैं।


