असम में सहकारी डेयरी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जोरहाट, डिब्रूगढ़ और धेमाजी में तीन नए डेयरी प्रसंस्करण संयंत्रों के लिए भूमि पूजन और आधारशिला समारोह आयोजित किया गया। इन परियोजनाओं के साथ ऊपरी असम में पुराबी डेयरी के बुनियादी ढांचे के विस्तार की शुरुआत हुई है।
मुख्य समारोह जोरहाट में आयोजित हुआ, जहां असम सरकार के पशुपालन एवं पशु चिकित्सा विभाग के मंत्री कृष्णेंदु पॉल ने आधारशिला रखी। इस अवसर पर मरियानी के विधायक रूपज्योति कुर्मी, भारत सरकार के पशुपालन एवं डेयरी विभाग की अतिरिक्त सचिव वर्षा जोशी, एनडीडीबी के अध्यक्ष डॉ. मीनेश शाह तथा असम सरकार के पशुपालन एवं पशु चिकित्सा विभाग के आयुक्त एवं सचिव एम.एस. मणिवन्नन भी उपस्थित रहे।
धेमाजी में प्रस्तावित डेयरी संयंत्र के लिए भूमि पूजन असम सरकार के मंत्री रणोज पेगू ने स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में किया। वहीं डिब्रूगढ़ में बनने वाले संयंत्र के लिए भूमि पूजन असम सरकार के मंत्री प्रशांत फुकन ने विधायक दिगंत कलिता सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों की मौजूदगी में संपन्न कराया।
जोरहाट में स्थापित किया जा रहा दूध प्रसंस्करण संयंत्र ईस्ट असम मिल्क प्रोड्यूसर्स कोऑपरेटिव यूनियन लिमिटेड द्वारा राष्ट्रीय डेयरी विकास कार्यक्रम (NPDD) के तहत वित्तीय सहायता से स्थापित किया जा रहा है। जबकि डिब्रूगढ़ और धेमाजी के संयंत्र नॉर्थ ईस्ट डेयरी एंड फूड्स लिमिटेड (NEDFL) द्वारा स्थापित किए जा रहे हैं, जो असम सरकार और एनडीडीबी का संयुक्त उपक्रम है। इन परियोजनाओं को ग्रामीण अवसंरचना विकास कोष (RIDF-XXXI) के तहत वित्तीय सहायता मिल रही है।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह (ललन सिंह) ने वीडियो संदेश के माध्यम से ईस्ट असम मिल्क प्रोड्यूसर्स कोऑपरेटिव यूनियन लिमिटेड से जुड़े डेयरी किसानों और उपस्थित अतिथियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि ऊपरी असम में डेयरी अवसंरचना के विस्तार से संगठित सहकारी डेयरी व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और अधिक किसानों को संगठित दूध संग्रहण प्रणाली से जोड़ा जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि किसान-स्वामित्व वाली संस्थाओं को मजबूत करना और दूध प्रसंस्करण क्षमता का विस्तार करना भारत सरकार की “श्वेत क्रांति 2.0” की परिकल्पना का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
वर्तमान में ईस्ट असम मिल्क प्रोड्यूसर्स कोऑपरेटिव यूनियन लिमिटेड ऊपरी असम के कई जिलों में दूध संग्रहण का कार्य कर रहा है और डेयरी किसानों को संगठित सहकारी नेटवर्क से जोड़ रहा है।
इन संयंत्रों के शुरू होने के बाद ऊपरी असम में दूध संग्रहण और प्रसंस्करण अवसंरचना को काफी मजबूती मिलेगी और पुराबी डेयरी ब्रांड के तहत संगठित डेयरी मूल्य श्रृंखला का विस्तार होगा।


