इस साल गिग कर्मियों को रोजगार देने में ई-कॉमर्स और झटपट सामान पहुंचाने वाली क्विक कॉमर्स कंपनियां अन्य क्षेत्रों की तुलना में आगे रह सकती हैं। उद्योग विशेषज्ञों के अनुसार मजबूत मांग, ऑर्डर में तेजी और गैर-महानगरीय शहरों में डार्क स्टोर्स के लगातार विस्तार के चलते कैलेंडर वर्ष 2026 में ये कंपनियां लगभग 9–10 लाख नए गिग कर्मियों को काम पर रख सकती हैं।
टीमलीज सर्विसेज के आंकड़ों के मुताबिक ई-कॉमर्स और क्विक कॉमर्स के बाद लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग क्षेत्र इस साल रोजगार सृजन में दूसरे स्थान पर रहेगा। टीमलीज के वरिष्ठ उपाध्यक्ष बालसुब्रमण्यम ए ने कहा कि टियर-2 और टियर-3 शहरों में क्विक कॉमर्स और ई-कॉमर्स के विस्तार से 9–10 लाख नौकरियां बनने का अनुमान है। वहीं नए मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क और इलेक्ट्रिक वाहनों के बेड़े के कारण लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग क्षेत्र से करीब 5 लाख नए रोजगार सृजित हो सकते हैं।
कैलेंडर वर्ष 2025 में भी इसी तरह का रुझान देखा गया था। उस दौरान ई-कॉमर्स और क्विक कॉमर्स कंपनियों ने लगभग 6 लाख नौकरियां पैदा की थीं, जबकि लॉजिस्टिक्स कंपनियों ने 4 लाख रोजगार दिए। बैंकिंग, वित्तीय सेवा और बीमा (BFSI) क्षेत्र ने फील्ड सेल्स और डिजिटल वेरिफिकेशन के लिए करीब 2 लाख गिग कर्मियों को नियुक्त किया था। कुल मिलाकर टीमलीज सर्विसेज के अनुसार पिछले साल 13–14 लाख नई गिग नौकरियां सृजित हुईं।
इसी तरह नौकरी और करियर प्लेटफॉर्म ‘अपना’ के आंकड़े भी इस रुझान की पुष्टि करते हैं। अपना के अनुसार वित्त वर्ष 2026–27 में नई भर्तियों में टियर-2 और टियर-3 शहरों में क्विक कॉमर्स का विस्तार अहम भूमिका निभाएगा। अपना में जॉब्स मार्केटप्लेस के मुख्य कार्याधिकारी कार्तिक नारायण ने कहा कि क्विक कॉमर्स, खुदरा और लॉजिस्टिक्स शीर्ष तीन क्षेत्र रहेंगे। उनके मुताबिक, क्विक कॉमर्स से करीब 10 लाख और लॉजिस्टिक्स से 5 से 7 लाख नई नौकरियां पैदा हो सकती हैं।
पिकर, पैकर, लोडिंग स्टाफ और डिलीवरी कर्मियों जैसी भूमिकाओं में मांग लगातार बढ़ रही है। इन नौकरियों में तेजी सीधे तौर पर क्विक कॉमर्स कारोबार के विस्तार से जुड़ी हुई है।
उदाहरण के तौर पर दिसंबर तिमाही में ब्लिकिंट ने औसतन प्रतिदिन 2.3 डार्क स्टोर जोड़े और मार्च 2027 तक 3,000 डार्क स्टोर खोलने का लक्ष्य रखा है। वहीं स्विगी इंस्टामार्ट के स्टोर्स की संख्या 1,021 तक पहुंच चुकी है और जेप्टो ने भी 1,000 से अधिक डार्क स्टोर स्थापित किए हैं।


