Trending News

 किश्तवाड़ से भारतीय सेना ने किया आतंक के नेटवर्क का खात्मा, मार गिराए 7 आतंकी, जैश का कमांडर सैफुल्लाह भी मारा गया, 326 दिन चला ऑपरेशन         भारत टैक्सी के ड्राइवरों से मिले गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह, कहा- आपको ड्राइवर नहीं, मालिक बनना है, मात्र 500 रुपए में भारत टैक्सी से जुड़ सकते हैं, 3 साल बाद मुनाफे में भी मिलेगा हिस्सा         यूपी में 'स्मार्ट' होंगी कृषि सहकारी समितियां, UP सरकार 1500 M-PACS को कर रही हाईटेक, किसानों को गांव में ही मिलेंगी 24x7 बैंकिंग और वित्तीय सेवाएं          NAFED की समीक्षा बैठक में शामिल हुए कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, MSP पर तुरंत और पारदर्शी खरीद के निर्देश, किसानों को बिचौलियों से बचाकर सीधे सरकारी खरीद सिस्टम से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता         जनवरी में बेरोजगारी दर बढ़कर 5 प्रतिशत पहुंची, दिसंबर 2025 में 4.8% थी बेरोजगारी दर, ग्रामीण बेरोजगारी दर 3.9% से बढ़कर 4.2% और शहरी क्षेत्रों 6.7% से बढ़कर 7% हुई, राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय ने जारी किए आंकड़े       

भारत की निगाहें फाइनल में इंग्लैंड को हरा छठी बार अंडर 19 क्रिकेट विश्व कप जीतने पर

आईसीसी अंडर-19 विश्व कप 2026 के फाइनल में भारत का सामना इंग्लैंड से हरारे में होगा। पांच बार की चैंपियन भारतीय टीम अपनी छठी खिताबी जीत के लक्ष्य के साथ मैदान पर उतरेगी। भारत का शीर्षक्रम, विशेषकर वैभव सूर्यवंशी और एरोन जॉर्ज शानदार फॉर्म में हैं, जबकि इंग्लैंड के पास बेन मेज और थॉमस रियू जैसे मजबूत बल्लेबाज हैं। यह मुकाबला 1998 की चैंपियन इंग्लैंड और डिफेंडिंग रनर-अप भारत के बीच श्रेष्ठता की जंग होगी।

Published: 17:19pm, 05 Feb 2026

विस्फोटक सलामी बल्लेबाज आयुष म्हात्रे की अगुआई में सबसे कामयाब पांच बार चैंपियन रह चुकी भारतीय टीम केवल एक बार चैंपियन रही इंग्लैंड को हरारे में शुक्रवार को आईसीसी अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप के फाइनल में हराकर रिकॉर्ड छठी बार खिताब जीतने के इरादे से उतरेगी। भारत अंडर-19 की खुशकिस्मती यह है कि जब-जब मौजूदा संस्करण में उसकी नैया मझधार में फंसी तब-तब अलग-अलग नायकों ने उसे उससे निकालकर जीत दिलाई है। भारत अंडर-19 की ताकत भी सही मायनों में यही है कि वह किसी एक खिलाड़ी पर निर्भर नहीं है।

ओवेस शाह की कप्तानी में इंग्लैंड अंडर-19 ने अब तक केवल एक बार 1998 में न्यूजीलैंड को फाइनल में सात विकेट से हराकर खिताब जीता है। वहीं दिलचस्प बात यह है कि सुपर-6 में ग्रुप-2 की अजेय भारत अंडर-19 और इंग्लैंड अंडर-19 सेमीफाइनल मैच सहित सभी छह मैच जीतकर फाइनल में पहुंची हैं। भारत ने इंग्लैंड से पांच अंडर-19 यूथ वनडे मैचों की सीरीज में उसे उसके घर में जून-जुलाई 2025 में 3-2 से हराया था और फाइनल में उसे इसका बेशक शुक्रवार को मनोवैज्ञानिक लाभ मिलेगा।

भारत अंडर-19 के लिए इस यूथ वनडे क्रिकेट सीरीज में वैभव सूर्यवंशी और उपकप्तान विहान मल्होत्रा ने तथा इंग्लैंड अंडर-19 के लिए कप्तान थॉमस रियू ने शतक जड़े थे। दोनों टीमें एक-दूसरे की ताकत और खामियों से वाकिफ हैं और ऐसे में शुक्रवार को फाइनल में वाकई रोमांचक मुकाबले की उम्मीद है। मौजूदा संस्करण में इंग्लैंड ने बेन मेज के 191 रन की बदौलत स्कॉटलैंड अंडर-19 के खिलाफ 50 ओवर में हरारे में ही छह विकेट पर 404 रन बनाकर 252 रन से बड़ी जीत दर्ज की। वहीं भारत अंडर-19 ने सेमीफाइनल में 310 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए 41.1 ओवर में मात्र तीन विकेट पर 313 रन बनाकर सात विकेट से जीत दर्ज की।

भारत अंडर-19 पिछले संस्करण के फाइनल में मौजूदा संस्करण के सेमीफाइनल में इंग्लैंड अंडर-19 से 27 रन से हारकर बाहर होने वाली ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 से 79 रन से हारकर खिताब बरकरार रखने से चूक गया था। भारत अंडर-19 पिछली बार खिताब बरकरार न रख सका, अब शुक्रवार को इंग्लैंड अंडर-19 के खिलाफ फाइनल जीतकर सातवीं बार खिताब जीतने को बेताब है।

भारत अंडर-19 अपनी जीत के सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए फाइनल भी जीतने के लिए सबसे ज्यादा तीन अर्द्धशतक जड़ने वाले 14 बरस के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी, सेमीफाइनल में शतक जड़ने वाले एरोन जॉर्ज, एक शतक जड़ने वाले उपकप्तान विहान मल्होत्रा, दो-दो अर्द्धशतक जड़ने वाले कप्तान आयुष म्हात्रे व एक अर्द्धशतक जड़ने वाले अभिज्ञान कुंडू जैसे शीर्षक्रम पर निर्भर करेगा।

भारत अंडर-19 के लिए 14 बरस के वैभव सूर्यवंशी सेमीफाइनल सहित छह मैचों में 264 रन बनाकर पहले, उपकप्तान विहान मल्होत्रा 209 रन बनाकर दूसरे, अभिज्ञान कुंडू 199 रन बनाकर तीसरे स्थान पर हैं। वहीं कप्तान आयुष म्हात्रे और सलामी बल्लेबाज एरोन जॉर्ज ने 161-161 रन तथा वेदांत त्रिवेदी ने 103 रन बनाए हैं। भारत अंडर-19 के शीर्षक्रम को इंग्लैंड अंडर-19 के छह मैचों में एक पारी में सबसे ज्यादा 15 विकेट लेने वाले सबसे कामयाब तेज गेंदबाज मैनी लुम्सडेन, बाएं हाथ के स्पिनर रॉल्फ अल्बर्ट (10 विकेट), मध्यम तेज गेंदबाज सेबेस्टियन मॉर्गन (सात विकेट), ऑफ स्पिनर फरहान अहमद (सात विकेट) से चौकस रहना होगा।

इंग्लैंड अंडर-19 की बल्लेबाजी एक शतक और दो अर्द्धशतक सहित 399 रन बनाकर मौजूदा संस्करण में रन बनाने में दूसरे स्थान पर चल रहे बेन मेज, सेमीफाइनल में शतक और दो अर्द्धशतक सहित कुल 299 रन बनाने वाले कप्तान विकेटकीपर बल्लेबाज थॉमस रियू, एक-एक अर्द्धशतक जड़ने वाले कैलब मैथ्यू फॉकनर (कुल 194 रन) व जोसेफ मूर्स (153 रन) पर निर्भर है।

भारत अंडर-19 को फाइनल भी जीतना है तो उसके सबसे कामयाब हेनिल पटेल (11 विकेट), आठ-आठ विकेट चटकाने वाले तेज गेंदबाज आरएस अंबरीश और बाएं हाथ के स्पिनर खिलन पटेल को इंग्लैंड अंडर-19 के शीर्षक्रम को सस्ते में पवेलियन लौटाने की जरूरत होगी। भारत अंडर-19 के कप्तान आयुष म्हात्रे (छह विकेट), पांच-पांच विकेट चटकाने वाले ऑलराउंडर कनिष्क चौहान व उपकप्तान विहान मल्होत्रा तथा तेज गेंदबाज दीपेश देवेंद्रन (चार विकेट) और उद्धव मोहन (तीन विकेट) को मौके पर इंग्लैंड अंडर-19 के शीर्ष और मध्यक्रम के विकेट चटकाने होंगे।

भारत के अब तक पांच अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप जीतने वाले 5 कप्तान

2000: मोहम्मद कैफ की कप्तानी में मैन ऑफ द टूर्नामेंट युवराज सिंह (203 रन, 12 विकेट) के दमदार खेल से भारत ने श्रीलंका को कोलंबो में अंडर-19 विश्व कप फाइनल में छह विकेट से हराकर खिताब जीता।

2008: विराट कोहली की कप्तानी में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को क्वालालंपुर में अंडर-19 विश्व कप फाइनल में डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर 12 रन से हराकर दूसरी बार खिताब जीता।

2012: उन्मुक्त चंद की कप्तानी में भारत ने उनके शतक से मेजबान ऑस्ट्रेलिया को टाउंसविले में अंडर-19 विश्व कप फाइनल में छह विकेट से हराकर तीसरी बार खिताब जीता।

2018: पृथ्वी शॉ की कप्तानी में भारत ने शुभमन गिल के शतक से ऑस्ट्रेलिया को न्यूजीलैंड में माउंट मॉन्गनुई में अंडर-19 विश्व कप फाइनल में आठ विकेट से हराकर चौथी बार खिताब जीता।

2022: यश धुल की कप्तानी में राज बावा (35 रन, 5/31) के हरफनमौला खेल से इंग्लैंड को नॉर्थ साउंड में अंडर-19 विश्व कप फाइनल में चार विकेट से हराकर पांचवीं बार खिताब जीता।

‘हम फाइनल के लिए तैयार हैं’

अफगानिस्तान ने बल्ले से सेमीफाइनल में बहुत बढ़िया आगाज किया लेकिन हमारे गेंदबाजों ने बीच के ओवरों में बढ़िया गेंदबाजी की। आखिर के दस ओवर में अफगानिस्तान ने बहुत रन बनाए। हमारे बीच बस यही चर्चा हुई कि हमें अपना नैसर्गिक खेल खेलना है। पिच एकदम सपाट थी और हम इसलिए जानते थे कि हम अपना नैसर्गिक खेल खेलेंगे तो अफगानिस्तान अंडर-19 के बड़े स्कोर को पार कर सकते हैं। बड़े लक्ष्य का पीछा करने में वैभव सूर्यवंशी ने अहम रोल निभाया और शुरू के दस ओवर में जॉर्ज के साथ 90 रन जोड़कर हम पर से सब दबाव हटा दिया। जॉर्ज बेहतरीन बल्लेबाज हैं और उन्होंने एक छोर संभाले रखा। हरारे क्लब मैदान पर स्थितियां एकदम माकूल थीं। हमारे टीम के लड़के अच्छी लय में हैं। हम मैदान पर उतरकर सहज होकर खेलना चाहते हैं। हम मैदान पर पूरी शिद्दत से खेलेंगे और अपना सर्वश्रेष्ठ देंगे। फाइनल से पहले रिकवरी का काफी वक्त है। हम इस तरह की स्थितियों में खेलने के आदी हैं और अपने घर भारत में बराबर खेलते हैं। हम जल्द ही उबर जाएंगे और फाइनल के लिए पूरी तरह तैयार हैं। – आयुष म्हात्रे, भारत के कप्तान

‘निगाहें अहम फाइनल पर हैं’

जहां तक मेरे इस संस्करण में पहले शतक की बात है तो मैं भारतीय टीम प्रबंधन का सेमीफाइनल में खेलने का मौका देने के लिए आभारी हूं। मैं खुश हूं कि मैं बल्ले से योगदान कर पाया। मैं जानता था कि मैं बढ़िया बल्लेबाजी कर रहा हूं और ऐसे में इसे बड़े स्कोर में बदलना अहम था। मैंने प्रोसेस और अपने खेल पर भरोसा किया। अफगानिस्तान अंडर-19 के खिलाफ शतक से फाइनल के लिए बेशक मुझे आत्मविश्वास मिलेगा। हमारी टीम में हर किसी ने अपनी पूरी क्षमता से प्रदर्शन किया। मुझे खुशी है कि हमारा शीर्षक्रम बढ़िया प्रदर्शन कर रहा है। अब हमारी निगाहें इंग्लैंड अंडर-19 के खिलाफ अहम फाइनल पर हैं। – एरोन जॉर्ज, भारत के सलामी बल्लेबाज

‘अब हम बहुत दूर नहीं’

हमारा ड्रेसिंग रूम उत्साह से सराबोर है। हमारे गेंदबाजों ने ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ सेमीफाइनल में वाकई बेहतरीन गेंदबाजी की। हम खुशकिस्मत हैं कि हमारा भरोसा काम आया। मैंने महसूस किया पिच पिछले दो मैचों से बेहतर थी लेकिन इस पर बल्लेबाजी मुश्किल थी। मैं शांत नहीं बल्कि नर्वस था। अब हम बहुत दूर नहीं हैं। हमारी निगाहें अब फाइनल पर हैं। – थॉमस रियू, इंग्लैंड अंडर-19 के कप्तान

YuvaSahakar Desk