दुनिया और देश के सबसे कामयाब क्रिकेट कप्तानों में से एक महेंद्र सिंह धोनी ने कहा है कि मौजूदा चैंपियन भारत 2026 के आईसीसी टी 20 क्रिकेट विश्व कप की सबसे खतरनाक टीमों में से एक है। महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में भारत ने पाकिस्तान को दक्षिण अफ्रीका में 2007 में पहले टी 20 क्रिकेट विश्व कप के फाइनल में हरा कर पहली बार खिताब जीता था।
धोनी ने कहा, ‘एक बढ़िया टीम में जो कुछ होना चाहिए, वह मौजूदा भारतीय क्रिकेट टीम में है। जब क्रिकेट के इस सबसे छोटे फॉर्मेट यानी टी 20 क्रिकेट की बात है, तो भारतीय टीम बेहद अनुभवी है। भारतीय टीम दबाव में खेल चुकी है। जो कोई भी खेल रहा है और जिस खिलाड़ी की टीम में जो भी भूमिका है, वह उसे उस स्थिति में लंबे समय से निभा रहा है।’
धोनी का मानना है कि 2026 के टी 20 विश्व कप में भारत सबसे बड़ी चुनौती बनकर उभरेगा। धोनी को बस जो एक चीज चिंतित करती है, वह है ओस, जो कि रात के मैचों में लक्ष्य का पीछा कर रही टीम के पक्ष में पलड़ा झुका सकती है।
धोनी ने कहा, ‘जो चीज मुझे चिंतित करती है, वह है ओस। ओस मुझे कतई पसंद नहीं है। ओस बहुत सी चीजें बदल सकती है। यहां तक कि जब मैं खेलता था, तो ओस कई बार मुझे डराती थी और ऐसे में टॉस बेहद अहम हो जाता है। साथ ही ओस पर कई चीजें निर्भर हो जाती हैं। टी 20 क्रिकेट में किसी भी दिन कोई दूसरी टीम किसी को भी हरा सकती है। हम अगर दस बेहतरीन टीमों के खिलाफ खेलें और सभी टीमों के लिए हालात एक जैसे हों, तो हम ज्यादातर में जीतेंगे ही।’
धोनी ने कहा, ‘दिक्कत तब होती है जब बदकिस्मती से आपके कुछ खिलाड़ियों का दिन ही खराब होता है और प्रतिद्वंद्वी टीम का कोई खिलाड़ी अपना शानदार दिन बिता देता है। टी 20 क्रिकेट में ऐसा मुमकिन है। ऐसे मौकों पर फिर चाहे यह लीग चरण में हो या नॉकआउट, यह वही वक्त होता है जब वाकई जरूरत दुआओं की होती है। आप ऐसे में बस यही दुआ करते हैं कि आपका कोई भी खिलाड़ी चोट न खाए। टीम में खिलाड़ियों को जो भी भूमिकाएं दी गई हैं, वह उन्हें पूरा करें। अगर ऐसा होता है तो मैं बस यही कहूंगा कि हमारी मौजूदा भारतीय टीम सबसे खतरनाक टीमों में से एक है।’


