राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (NDDB) में गवर्नेंस को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने अलग-अलग अधिसूचनाओं के माध्यम से बोर्ड में निदेशकों की नियुक्ति की है।
मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय के तहत बिहार स्टेट कोऑपरेटिव मिल्क प्रोड्यूसर्स फेडरेशन लिमिटेड (सुधा डेयरी) के अध्यक्ष शिरसाट कपिल अशोक और हरियाणा डेयरी डेवलपमेंट कोऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड (विटा डेयरी) के अध्यक्ष राम अवतार गर्ग को राज्य सहकारी दुग्ध संघों के प्रतिनिधि के रूप में एनडीडीबी बोर्ड का निदेशक नामित किया गया है।
इनकी नियुक्ति अधिसूचना की तिथि से एक वर्ष की अवधि के लिए, या संबंधित अध्यक्ष पद पर बने रहने तक, या अगले आदेश तक (जो भी पहले हो) मान्य रहेगी।
एक अन्य अधिसूचना में केंद्र सरकार ने एनडीडीबी के कार्यकारी निदेशक (ऑपरेशंस) एस. रेगुपति को एनडीडीबी बोर्ड में पूर्णकालिक निदेशक के रूप में नामित किया है। उनका कार्यकाल एनडीडीबी में उनकी सेवा अवधि के साथ सह-समाप्त रहेगा या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो।


