Trending News

 देश में कम हुई बेरोजगारी, अक्टूबर-दिसंबर की तिमाही में ग्रामीण क्षेत्र में 4.4% से घटकर 4% हुई बेरोजगारी दर, शहरी क्षेत्रों में 6.9% से घटकर 6.7% हुआ आंकड़ा, सांख्यिकी मंत्रालय ने जारी किए ताजा आंकड़े         भारत-EU FTA एक साल में लागू करने का लक्ष्य, जर्मनी में बोले वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल- केवल व्यापार तक सीमित नहीं रहेगा FTA, दोनों पक्षों के बीच निवेश भी बढ़ेगा         वंदे मातरम को लेकर केंद्र सरकार का ऐतिहासिक निर्णय, सरकारी कार्यक्रमों में जन गण मन से पहले बजेगा वंदे मातरम, 3 मिनट 10 सेकेंड के राष्ट्रगीत के दौरान खड़े होना जरूरी, गाए जाएंगे वंदेमातरम के सभी 6 छंद         UPI से डायरेक्ट निकाल सकते हैं PF का पैसा, अप्रैल में लॉन्च होगा App, उमंग पोर्टल भी करता रहेगा काम         चंद्रमा से मिट्टी लेकर धरती पर लौटेगा भारत, इसरो ने चंद्रयान-4 के लिए तलाशी लैंडिंग साइट, चंद्रमा के साउथ पोल पर मॉन्स माउटन पहाड़ पर उतरेगा चंद्रयान-4, 2027 तक लॉन्च किए जाने की योजना       

UP Budget 2026–27: 770 करोड़ रुपये से अधिक का सहकारिता सेक्टर को बड़ा पैकेज

सहकारी क्षेत्र में दुनिया की सबसे बड़ी अन्न भंडारण योजना के तहत नए गोदामों के निर्माण के लिए 25 करोड़ रुपये का प्रस्ताव रखा गया है

Published: 15:20pm, 12 Feb 2026

उत्तर प्रदेश विधानसभा में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने वित्त वर्ष 2026–27 का बजट पेश करते हुए सहकारी क्षेत्र के लिए 770 करोड़ रुपये से अधिक के बड़े वित्तीय प्रावधानों की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सहकारिता क्षेत्र को मजबूत बनाने और किसानों को सीधे लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से यह विशेष बजटीय प्रोत्साहन दिया गया है।

वित्त मंत्री ने बताया कि भारत सरकार के प्रयासों के बाद संयुक्त राष्ट्र ने वर्ष 2025 को “अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष” घोषित किया है और इस वैश्विक पहल की औपचारिक शुरुआत करने वाला उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य बना है।

पैक्स (प्राथमिक कृषि ऋण समितियां) के आधुनिकीकरण के तहत कंप्यूटरीकरण योजना चलाई जा रही है। इसके अंतर्गत प्रथम चरण में 1,539 एम-पैक्स और दूसरे चरण में 1,523 एम-पैक्स का चयन किया गया है। इस योजना के क्रियान्वयन के लिए 32 करोड़ रुपये का प्रावधान प्रस्तावित है।

किसानों को राहत देने के लिए ब्याज अनुदान योजना के तहत 525 करोड़ रुपये की बड़ी राशि निर्धारित की गई है। इसके अलावा रासायनिक उर्वरकों के अग्रिम भंडारण को सुनिश्चित करने के लिए 150 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।

मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के अंतर्गत 38 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इस राशि का उपयोग दीर्घकालीन ऋण पर ब्याज अनुदान, सहकारी बैंकों को कार्यशील पूंजी सहायता तथा बैंक शाखाओं के आधुनिकीकरण और ब्रांडिंग पर किया जाएगा।

सहकारी क्षेत्र में दुनिया की सबसे बड़ी अन्न भंडारण योजना के तहत नए गोदामों के निर्माण के लिए 25 करोड़ रुपये का प्रस्ताव रखा गया है। सरकार का कहना है कि इन कदमों से ग्रामीण बुनियादी ढांचा मजबूत होगा और किसानों को भंडारण व वित्तीय सेवाओं का बेहतर लाभ मिल सकेगा।

Diksha