प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 मार्च को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-Kisan) योजना की 22वीं किस्त जारी करेंगे। इस दौरान देशभर के 9.32 करोड़ किसानों के बैंक खातों में सीधे 18,640 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे। यह राशि असम के गुवाहाटी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान जारी की जाएगी।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नई दिल्ली स्थित अपने आवास पर पत्रकारों को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पीएम-किसान के तहत प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) किसानों की आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करने और कृषि निवेश को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
शिवराज सिंह चौहान के अनुसार इस योजना के तहत अब तक 4.09 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि किसानों को सीधे उनके खातों में भेजी जा चुकी है। इसमें 2.15 करोड़ से अधिक महिला किसानों को भी लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि इस पहल से किसानों की साहूकारों पर निर्भरता कम हुई है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है।
कृषि क्षेत्र की प्रगति पर प्रकाश डालते हुए मंत्री ने कहा कि पिछले एक दशक में भारत के कृषि उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। देश का कुल खाद्यान्न उत्पादन 2014 के 252 मिलियन टन से बढ़कर 357 मिलियन टन तक पहुंच गया है, जबकि बागवानी उत्पादन 277 मिलियन टन से बढ़कर 369 मिलियन टन हो गया है। भारत दालों का दुनिया का सबसे बड़ा उत्पादक और उपभोक्ता भी बन चुका है।
उन्होंने बताया कि किसानों को जानकारी उपलब्ध कराने के लिए सरकार एआई आधारित डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘भारत विस्तार’ पर भी काम कर रही है, जिसके माध्यम से किसानों को उनकी स्थानीय भाषाओं में फोन पर खेती से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कृषि ऋण भी 2014 के 8.45 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 28.69 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। वहीं किसानों को फसल बीमा दावों के रूप में करीब 2 लाख करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। उन्होंने यह भी बताया कि कृषि बजट पहले जहां लगभग 27,000 करोड़ रुपये था, वह अब बढ़कर 1.40 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है।


