Trending News

 LPG पर बोले PM नरेंद्र मोदी- देश में पैनिक फैलाने की कोशिश कर रहे कुछ लोग, देशवासियों को किया आश्वस्त, कहा- अपनी ऊर्जा सुरक्षा के लिए हर संभव कदम उठा रही है सरकार, कालाबाजारी करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई          आज प्रधानमंत्री जारी करेंगे पीएम-किसान की 22वीं किस्त, 9.32 करोड़ किसानों को मिलेंगे 18,640 करोड़ रुपये         किसानों को सहकारी बैंक से 7 दिन में फसल ऋण, e-KCC से सिर्फ 2 दिन में लोन की सुविधा, समय पर लोन चुकाने पर 3% ब्याज की छूट, राज्यसभा में अमित शाह ने दी जानकारी         भारत बनेगा बन रहा दुनिया का फूड बास्केट, 9 FTA से भारत के लिए 38 देशों के बाजार खुले, AAHAR के 40वें संस्करण को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने दी जानकारी         जल जीवन मिशन 2.0 को केंद्र सरकार ने दी मंजूरी, दिसंबर 2028 तक हर ग्रामीण घर में होगा नल से जल, 8.69 लाख करोड़ रुपये का बजट तय किया गया         मार्च में मौसम में लगातार बदलाव, गुजरात-राजस्थान में हीटवेव और लू का ऑरेंज अलर्ट, महाराष्ट्र में हीटवेव का यलो अलर्ट, 13 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट       

एनडीडीबी को मिलेगा नया चेयरपर्सन, चयन प्रक्रिया शुरू

वर्तमान में एनडीडीबी के चेयरपर्सन का दायित्व मीनेश शाह निभा रहे हैं, जिनका कार्यकाल 31 दिसंबर को समाप्त हो रहा है

Published: 17:16pm, 13 Dec 2025

केंद्र सरकार के पशुपालन एवं डेयरी विभाग ने नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड (एनडीडीबी) के नए चेयरपर्सन की नियुक्ति के लिए चयन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत कैबिनेट सचिव की अध्यक्षता में सर्च-कम-सेलेक्शन कमेटी का गठन किया गया है। विभाग ने योग्य और अनुभवी उम्मीदवारों से 20 दिसंबर तक आवेदन आमंत्रित किए हैं। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 31 दिसंबर तय की गई थी, जिसे संशोधित कर 20 दिसंबर कर दिया गया है।

वर्तमान में एनडीडीबी के चेयरपर्सन का दायित्व मीनेश शाह निभा रहे हैं, जिनका कार्यकाल 31 दिसंबर को समाप्त हो रहा है। उन्हें अब तक कई बार छह-छह महीने का विस्तार दिया जा चुका है। एनडीडीबी अधिनियम के अनुसार चेयरपर्सन की नियुक्ति कैबिनेट की नियुक्ति समिति (एसीसी) द्वारा की जाती है। हालांकि, मीनेश शाह की नियुक्ति एसीसी के माध्यम से नहीं हुई थी। अधिनियम में यह प्रावधान है कि नियमित नियुक्ति न होने की स्थिति में बोर्ड के सबसे वरिष्ठ सदस्य को सीमित अधिकारों के साथ चेयरपर्सन की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। इसी प्रावधान के तहत जून 2021 से मीनेश शाह यह दायित्व संभाल रहे हैं।

मीनेश शाह से पहले पशुपालन मंत्रालय की संयुक्त सचिव वर्षा जोशी ने छह माह तक यह जिम्मेदारी निभाई थी। उनसे पहले दिलीप रथ एनडीडीबी के चेयरपर्सन थे, जिनकी नियुक्ति एसीसी के माध्यम से हुई थी और वे 2016 से 2020 तक इस पद पर रहे। उनके पहले पूर्व कृषि एवं खाद्य सचिव टी. नंदकुमार एनडीडीबी के अध्यक्ष रहे हैं।

सरकार द्वारा औपचारिक रूप से आवेदन आमंत्रित किए जाने से यह स्पष्ट संकेत मिलता है कि अब एनडीडीबी के शीर्ष पद पर तय प्रक्रिया के तहत चयनित व्यक्ति को ही जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

पात्रता और आवेदन प्रक्रिया

पशुपालन एवं डेयरी विभाग ने देश के प्रख्यात व्यक्तियों या प्रतिष्ठित संगठनों के प्रमुखों के माध्यम से एनडीडीबी चेयरपर्सन पद के लिए नाम आमंत्रित किए हैं। उम्मीदवार में असाधारण नेतृत्व क्षमता के साथ डेयरी, पशुपालन, ग्रामीण अर्थशास्त्र, ग्रामीण विकास, व्यवसाय प्रशासन या बैंकिंग जैसे क्षेत्रों में विशेष पेशेवर अनुभव और योग्यता होना अनिवार्य है।

आवेदन केवल प्रतिष्ठित व्यक्तियों या संगठनों के प्रमुखों के माध्यम से ही भेजे जा सकते हैं। इच्छुक उम्मीदवारों का विस्तृत बायोडाटा ई-मेल (jsdairy-ahd@nic.in) या डाक द्वारा अतिरिक्त सचिव (सीडीडी), डेयरी विभाग, कृषि भवन, नई दिल्ली को भेजा जा सकता है।

वेतन और दायित्व

एनडीडीबी अधिनियम, 1987 के तहत चेयरपर्सन संगठन का नेतृत्व करता है। यह पद पे लेवल-17 के अंतर्गत आता है, जिसके तहत 2,25,000 रुपये प्रतिमाह का फिक्स्ड वेतन निर्धारित है।

एनडीडीबी की भूमिका

नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड की स्थापना संसद के एक अधिनियम (एनडीडीबी एक्ट, 1987) के तहत की गई थी। इसका मुख्य उद्देश्य देश में डेयरी और उससे जुड़े उद्योगों को बढ़ावा देना है। एनडीडीबी ने सहकारी क्षेत्र को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। डॉ. वर्गीज़ कुरियन के नेतृत्व में ऑपरेशन फ्लड (1970–1996) के माध्यम से एनडीडीबी ने देश में श्वेत क्रांति को गति दी और भारतीय डेयरी क्षेत्र में ऐतिहासिक परिवर्तन लाने में अग्रणी भूमिका निभाई।

Diksha

Recent Post