Trending News

 LPG पर बोले PM नरेंद्र मोदी- देश में पैनिक फैलाने की कोशिश कर रहे कुछ लोग, देशवासियों को किया आश्वस्त, कहा- अपनी ऊर्जा सुरक्षा के लिए हर संभव कदम उठा रही है सरकार, कालाबाजारी करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई          आज प्रधानमंत्री जारी करेंगे पीएम-किसान की 22वीं किस्त, 9.32 करोड़ किसानों को मिलेंगे 18,640 करोड़ रुपये         किसानों को सहकारी बैंक से 7 दिन में फसल ऋण, e-KCC से सिर्फ 2 दिन में लोन की सुविधा, समय पर लोन चुकाने पर 3% ब्याज की छूट, राज्यसभा में अमित शाह ने दी जानकारी         भारत बनेगा बन रहा दुनिया का फूड बास्केट, 9 FTA से भारत के लिए 38 देशों के बाजार खुले, AAHAR के 40वें संस्करण को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने दी जानकारी         जल जीवन मिशन 2.0 को केंद्र सरकार ने दी मंजूरी, दिसंबर 2028 तक हर ग्रामीण घर में होगा नल से जल, 8.69 लाख करोड़ रुपये का बजट तय किया गया         मार्च में मौसम में लगातार बदलाव, गुजरात-राजस्थान में हीटवेव और लू का ऑरेंज अलर्ट, महाराष्ट्र में हीटवेव का यलो अलर्ट, 13 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट       

भारत की जू.हॉकी टीम ने दो बार पिछड़ने के बाद पाक की जू. टीम को 3-3 की बराबरी पर रोका

जोहोर बाहरू में खेले गए सुल्तान ऑफ जोहोर कप हॉकी टूर्नामेंट के रोमांचक मुकाबले में भारत और पाकिस्तान की जूनियर टीमों के बीच मैच 3-3 से ड्रॉ रहा। भारत ने 0-2 से पिछड़ने के बाद जोरदार वापसी की, लेकिन पाकिस्तान ने अंतिम क्षणों में बराबरी कर ली।

Published: 15:20pm, 15 Oct 2025

भारत की जूनियर हॉकी टीम ने 0-2 से पिछड़ने के बाद अरिजीत सिंह हुंडल और आनंद कुशवाहा के एक-एक गोल से दो-दो की बराबरी पाने के बाद मनमीत सिंह के गोल से 3-2 की बढ़त ले ली, लेकिन पाकिस्तान ने सूफियान खान के खेल खत्म होने से पांच मिनट पहले दागे मैच के दूसरे गोल से जोहोर बाहरू (मलेशिया) में मंगलवार को सुल्तान ऑफ जोहोर कप (अंडर-21) टूर्नामेंट में रोमांचक मुकाबला तीन-तीन गोल से ड्रॉ करा अंक बांटे।

पाकिस्तान के लिए सूफियान खान ने दो और हन्नान शाहिद ने एक गोल किया। शुरू के दोनों मैच जीतने वाली भारतीय जूनियर हॉकी टीम तीन मैचों से सात अंकों के साथ शीर्ष पर है। पाकिस्तान की शह पर पहलगाम में आतंकी हमले के बाद भारत की पुरुष क्रिकेट टीम ने यूएई में और भारत की महिला टीम ने कोलंबो में पाकिस्तानी टीमों के खिलाड़ियों से हाथ तक नहीं मिलाया था।

जोहोर में भारत और पाकिस्तान की जूनियर हॉकी टीमों के दिल भले न मिले हों, लेकिन जोहोर बाहरू में हाथ मिलाए। भारत अगले महीने तमिलनाडु में एफआईएच जूनियर पुरुष हॉकी विश्व कप की मेजबानी कर रहा है और एफआईएच इन दोनों चिर प्रतिद्वंद्वी मुल्कों के बीच तल्खी कम होने की उम्मीद कर रहा है।

अर्शदीप सिंह, सौरभ आनंद कुशवाहा और मनमीत सिंह से सजी भारतीय जूनियर हॉकी टीम की तेज़तर्रार अग्रिम पंक्ति ने परस्पर तालमेल से खेलते हुए पाकिस्तान जूनियर टीम के गोल पर हमलों का तांता बांधकर दबाव बनाया, लेकिन अपनी कमजोर निशानेबाजी के चलते गोल करने में कामयाब नहीं हो सकी।

हन्नान शाहिद ने खेल के रुख के उलट पांचवें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदलकर पाकिस्तान की जूनियर टीम को 1-0 से आगे कर दिया। पाकिस्तानी खिलाड़ी इसके बाद बेहतर तालमेल से खेले और भारत के गोल पर दबाव बनाकर पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया, लेकिन उसे गोल में तब्दील करने में नाकाम रहे।

भारत की जूनियर टीम के अनमोल एक्का को मैच के 20वें मिनट में गोता लगाकर पाकिस्तान की जूनियर टीम के हमले को नाकाम करने की कोशिश को रफ खेल बताते हुए पीला कार्ड दिखाकर दस मिनट के लिए मैदान से बाहर भेज दिया गया। भारत की जूनियर टीम को हमले बोलकर बराबरी पाने की कोशिश की बजाय ध्यान अपने किले की चौकसी पर लगाना पड़ा। भारत की रक्षापंक्ति के अनुशासित खेल के सामने पाकिस्तान दूसरे क्वॉर्टर में गोल नहीं कर पाया।

भारतीय जूनियर हॉकी टीम ने तीसरे क्वॉर्टर का आगाज़ गेंद को अपने कब्जे में रख धैर्य से गोल के अभियान बनाने पर लगाया। सूफियान खान ने तीसरे क्वॉर्टर के नौवें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर पाकिस्तान की जूनियर टीम को 2-0 से आगे कर दिया। ऑलराउंडर अरिजीत सिंह हुंडल ने तीसरा क्वॉर्टर खत्म होने से दो मिनट पहले मिले पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदलकर स्कोर 1-2 कर भारत की जूनियर टीम की मैच में वापसी करा दी।

सौरभ आनंद कुशवाहा ने चौथे और आखिरी क्वॉर्टर के दूसरे मिनट में बेहतरीन मैदानी गोल कर भारत की जूनियर टीम को दो-दो गोल की बराबरी दिला दी। मनमीत सिंह ने छह मिनट बाद ग़ज़ब का मैदानी गोल कर भारत की जूनियर टीम को मैच में पहली बार बढ़त दिलाकर 3-2 से आगे कर दिया। सूफियान खान ने खेल खत्म होने से पांच मिनट पहले पेनल्टी कॉर्नर पर मैच का अपना दूसरा गोल दागकर पाकिस्तान को तीन-तीन की बराबरी दिला दी।

YuvaSahakar Desk

Recent Post