बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों की आधिकारिक घोषणा हो गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ज्ञानेश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए बताया कि राज्य में मतदान दो चरणों में संपन्न होगा। पहला चरण 6 नवंबर को और दूसरा चरण 11 नवंबर को आयोजित किया जाएगा। मतगणना की प्रक्रिया 14 नवंबर को पूरी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस बार करीब 14 लाख नए मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि इस बार चुनाव प्रक्रिया की निगरानी आईएएस रैंक के ऑब्जर्वर अधिकारी करेंगे, जो बिहार राज्य के बाहर के होंगे। इन ऑब्जर्वर्स के संपर्क नंबर चुनाव आयोग (ECI) की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे, ताकि कोई भी व्यक्ति अपनी शिकायत सीधे उनसे साझा कर सके।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, बिहार में कुल 243 विधानसभा क्षेत्र हैं, जिनमें से 38 अनुसूचित जाति और 2 अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं। आयोग के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में कुल मतदाताओं की संख्या 7.43 करोड़ है। इनमें 3.92 करोड़ पुरुष, 3.50 करोड़ महिला और 1,725 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा, मतदाता सूची में 7.2 लाख दिव्यांग, 4.04 लाख 85 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक और 14,000 शतायु मतदाता (100 वर्ष या उससे अधिक आयु) भी शामिल हैं।
आंकड़ों के अनुसार, बिहार में 1.63 लाख सर्विस वोटर हैं, 1.63 करोड़ युवा मतदाता (20-29 वर्ष) और लगभग 14.01 लाख प्रथम बार वोट देने वाले (18-19 वर्ष) मतदाता हैं। ये सभी आंकड़े 30 सितंबर 2025 तक के हैं।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि यदि किसी का नाम मतदाता सूची से छूट गया है, तो उसे नामांकन प्रक्रिया शुरू होने से दस दिन पहले तक जोड़ा जा सकता है। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम मतदाता सूची ही चुनाव में इस्तेमाल की जाएगी और आगे कोई नाम जोड़ना संभव नहीं होगा।
चुनाव आयोग ने पोस्टल बैलट की गिनती में बदलाव की जानकारी दी है। अब डाक मतों की गिनती अंतिम दो राउंड से पहले पूरी करना अनिवार्य होगा।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का चरणबद्ध कार्यक्रम:
पहला चरण (121 विधानसभा क्षेत्र)
-
गजट अधिसूचना जारी करने की तिथि: 10 अक्टूबर 2025 (शुक्रवार)
-
नामांकन की अंतिम तिथि: 17 अक्टूबर 2025 (शुक्रवार)
-
नामांकन जांच की तिथि: 18 अक्टूबर 2025 (शनिवार)
-
उम्मीदवारों की नाम वापसी की अंतिम तिथि: 20 अक्टूबर 2025 (सोमवार)
-
मतदान तिथि: 06 नवंबर 2025 (गुरुवार)
-
मतगणना तिथि (दोनों चरण): 14 नवंबर 2025 (शुक्रवार)
दूसरा चरण (122 विधानसभा क्षेत्र)
-
गजट अधिसूचना जारी करने की तिथि: 13 अक्टूबर 2025 (सोमवार)
-
नामांकन की अंतिम तिथि: 20 अक्टूबर 2025 (सोमवार)
-
नामांकन जांच की तिथि: 21 अक्टूबर 2025 (मंगलवार)
-
उम्मीदवारों की नाम वापसी की अंतिम तिथि: 23 अक्टूबर 2025 (गुरुवार)
-
मतदान तिथि: 11 नवंबर 2025 (मंगलवार)
-
मतगणना तिथि (दोनों चरण): 14 नवंबर 2025 (शुक्रवार)
निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं की सुविधा के लिए पूरी चुनावी मशीनरी को उनके पास लाने का प्रबंध किया है। बिहार में कुल 90,712 बीएलओ (BLOs), 243 ईआरओ (EROs) और 38 डीईओ (DEOs) नियुक्त किए गए हैं। मतदाता 1950 नंबर (Voter Helpline) पर कॉल करके जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए संबंधित जिले का STD कोड लगाकर +91-STD Code-1950 डायल करना होगा, उदाहरण के लिए पटना के लिए +91-612-1950। साथ ही, ECINet ऐप के माध्यम से भी मतदाता अपने BLO से सीधे संपर्क कर सकते हैं।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि बिहार विधानसभा चुनाव के लिए निर्वाचन आयोग का नया ‘ECI Net’ सिंगल विंडो ऐप लॉन्च किया जाएगा। इसे ‘मदर ऑफ ऑल इलेक्शन ऐप्स’ कहा जा रहा है। यह ऐप चुनाव प्रक्रिया की रियल-टाइम मॉनिटरिंग और सभी प्रमुख गतिविधियों के संचालन में उपयोगी रहेगा।
निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार बिहार में कुल 90,712 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें औसतन 818 मतदाता प्रति केंद्र पंजीकृत हैं। इनमें से 76,801 केंद्र ग्रामीण और 13,911 केंद्र शहरी क्षेत्रों में हैं। सभी मतदान केंद्रों पर 100% वेबकास्टिंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके अतिरिक्त, 1,350 मॉडल मतदान केंद्र भी स्थापित किए गए हैं ताकि मतदाताओं को बेहतर सुविधाएं प्रदान की जा सकें।