पंजाब में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए भर्ती का मौका है। पंजाब अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड (PSSSB) ने विभिन्न सरकारी विभागों में क्लर्क, ड्राइवर, ट्रांसलेटर और फील्ड आर्टिस्ट के पदों पर भर्ती निकाली है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 70 पदों को भरा जाएगा। इनमें 28 पद महिला उम्मीदवारों के लिए आरक्षित हैं। आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और योग्य उम्मीदवार 19 अक्टूबर 2026 तक बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट sssb.punjab.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
PSSSB भर्ती के तहत ड्राइवर के 3 पद, क्लर्क (लीगल) के 11 पद, क्लर्क (अकाउंट्स) के 34 पद, क्लर्क (आईटी) के 12 पद, ट्रांसलेटर के 6 पद और फील्ड आर्टिस्ट का 1 पद शामिल है। अलग-अलग पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता भी अलग निर्धारित की गई है। ड्राइवर पद के लिए उम्मीदवार का 10वीं पास होना जरूरी है। इसके साथ ही उम्मीदवार के पास वैध LMV/HMV ड्राइविंग लाइसेंस और निर्धारित ड्राइविंग अनुभव होना चाहिए।
क्लर्क (आईटी) पद के लिए आईटी, कंप्यूटर साइंस, BCA या संबंधित विषय में निर्धारित योग्यता मांगी गई है, जबकि क्लर्क (लीगल) के लिए लॉ की डिग्री जरूरी है। क्लर्क (अकाउंट्स) पद के लिए B.Com या संबंधित योग्यता रखने वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। ट्रांसलेटर पद के लिए पंजाबी, अंग्रेजी या हिंदी में से संबंधित भाषा को मुख्य विषय के रूप में लेकर ग्रेजुएशन की योग्यता निर्धारित की गई है। वहीं, फील्ड आर्टिस्ट पद के लिए फाइन आर्ट्स, कमर्शियल आर्ट या ग्राफिक डिजाइन में निर्धारित डिग्री या डिप्लोमा होना आवश्यक है।
इस भर्ती में सभी पदों के लिए न्यूनतम आयु सीमा 18 वर्ष रखी गई है। जनरल कैटेगरी के उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 37 वर्ष निर्धारित है। पंजाब की आरक्षित श्रेणियों से संबंधित उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट का लाभ मिलेगा।
उम्मीदवारों का चयन ऑब्जेक्टिव टाइप लिखित परीक्षा यानी MCQ टेस्ट के आधार पर किया जाएगा। क्लर्क पदों के लिए लिखित परीक्षा के अलावा पंजाबी और अंग्रेजी भाषा में 30 शब्द प्रति मिनट की टाइपिंग स्पीड वाला टेस्ट भी देना होगा। भर्ती प्रक्रिया और परीक्षा से जुड़ी विस्तृत जानकारी उम्मीदवार आधिकारिक नोटिफिकेशन में देख सकते हैं।
आवेदन शुल्क की बात करें तो जनरल कैटेगरी के उम्मीदवारों को 1,000 रुपये शुल्क का भुगतान करना होगा। पंजाब के SC, BC और EWS उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 250 रुपये निर्धारित किया गया है। पूर्व सैनिक उम्मीदवारों को 200 रुपये, जबकि दिव्यांग उम्मीदवारों को 500 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा।
इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 19 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें। आवेदन करने से पहले आधिकारिक भर्ती नोटिफिकेशन में अपनी शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण और अन्य पात्रता शर्तों की जांच जरूर कर लें।


