Trending News

विधानसभा चुनाव: पश्चिम बंगाल में पहली बार BJP सरकार, भाजपा ने 206 सीटें जीती, 81 पर सिमटी TMC, असम में लगातार तीसरी बार BJP गठबंधन की जीत विधानसभा चुनाव: तमिलनाडु में अभिनेता विजय की TVK ने हासिल की जीत, DMK की करारी हार, अपनी सीट भी हारे एमके स्टालिन, केरल में UDF और पुदुचेरी में NDA की जीत विधानसभा चुनाव: पश्चिम बंगाल में पहली बार BJP सरकार, भाजपा ने 206 सीटें जीती, 81 पर सिमटी TMC, असम में लगातार तीसरी बार BJP गठबंधन की जीत विधानसभा चुनाव: तमिलनाडु में अभिनेता विजय की TVK ने हासिल की जीत, DMK की करारी हार, अपनी सीट भी हारे एमके स्टालिन, केरल में UDF और पुदुचेरी में NDA की जीत

ऑस्ट्रेलिया अंडर 18 के खिलाफ 4-4 मैचों की सीरीज खेलेगी भारत की अंडर 18 पुरुष और महिला हॉकी टीम

भोपाल में 15 से 20 मई तक भारत और ऑस्ट्रेलिया की अंडर-18 पुरुष एवं महिला हॉकी टीमों के बीच चार-चार मैचों की सीरीज आयोजित की जाएगी। यह सीरीज जापान में होने वाले अंडर-18 एशिया कप की तैयारी के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण है। कोच सरदार सिंह और रानी रामपाल ने इसे खिलाड़ियों के कौशल और संयोजनों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर परखने का सुनहरा अवसर बताया है।

Published: 17:50pm, 05 May 2026

नई दिल्ली, 5 मई, 2026: भारत की पुरुष अंडर-18 और महिला अंडर-18 हॉकी टीमें ऑस्ट्रेलिया अंडर-18 टीमों के खिलाफ 15 से 20 मई तक उद्धव दास मेहता (भाई जी) सेंट्रल सेंटर, भोपाल में चार-चार मैचों की हॉकी सीरीज खेलेंगी। भोपाल में 15 से 19 अप्रैल तक अंडर राष्ट्रीय हॉकी प्रशिक्षण शिविर के बाद ऑस्ट्रेलिया-18 पुरुष और महिला हॉकी टीमों के खिलाफ यह एक्सपोजर सीरीज इस महीने के आखिर में काकामिगहारा (जापान) में होने वाले अंडर-18 हॉकी एशिया कप की तैयारियों के लिए खासी अहम है।

भारत की अंडर-18 महिला हॉकी टीम ऑस्ट्रेलिया अंडर-18 महिला टीम के खिलाफ चार मैचों की हॉकी सीरीज का पहला मैच 15 मई (शाम सात बजे से), दूसरा मैच 17 मई (शाम पांच बजे से), तीसरा मैच 18 मई (शाम सात बजे से) तथा चौथा व आखिरी मैच 20 मई (आठ बजे से) को खेलेगी। भारत की अंडर-18 पुरुष हॉकी टीम ऑस्ट्रेलिया अंडर-18 पुरुष टीम के खिलाफ चार मैचों की हॉकी सीरीज का पहला मैच 15 मई (शाम 5 बजे से), दूसरा मैच 17 मई (शाम सात बजे से), तीसरा मैच 18 मई (शाम 5 बजे से) तथा चौथा व आखिरी मैच 20 मई (10 बजे से) को खेलेगी।

ऑस्ट्रेलिया अंडर-18 के खिलाफ सीरीज अपने संयोजनों को आजमाने का मौका: सरदार सिंह

भारत की पुरुष अंडर-18 हॉकी टीम के कोच पूर्व हॉकी ओलंपियन सरदार सिंह ने टीम की अंडर-18 शिविर में प्रगति और आगामी मैचों की अहमियत की बाबत कहा, ‘साई भोपाल में शिविर में भारत के अंडर-18 के खिलाड़ी पूरी शिद्दत से खेले और उम्मीदों पर खरा उतरे। शिविर में फोकस सभी पॉजिशन पर खिलाड़ियों की बेसिक्स मजबूत करने पर रहा, जिससे कि वे खुद को मॉडर्न हॉकी की जरूरतों के मुताबिक ढाल कर सीनियर स्तर की ओर बढ़ सकें। ऑस्ट्रेलिया अंडर-18 टीम के खिलाफ ये मैच हमारी तैयारियों की ओर अहम कदम हैं। यह हमारी अंडर-18 टीम के लिए अंतर्राष्ट्रीय स्तर के मुकाबले का अहसास करने, अपने संयोजनों को आजमाने और मैच के मिजाज में खुद को ढालने का बढ़िया मौका होगा। हमें आगे पुरुष अंडर-18 एशिया कप में शिरकत करनी है और ऑस्ट्रेलिया अंडर-18 के खिलाफ ये मैच इसके लिए भारत की सर्वश्रेष्ठ टीम चुनने का मौका होंगे।’

खुद को अंडर-18 महिला एशिया कप के लिए तैयार करने का बढ़िया मौका: रानी रामपाल

भारत की अंडर-18 महिला हॉकी टीम की कोच रानी रामपाल ने पुरुष अंडर-18 हॉकी टीम के कोच सरदार सिंह की राय से इत्तफाक जताया। भारत की अंडर-18 महिला हॉकी टीम की कोच रानी रामपाल ने कहा, ‘साई भोपाल में लगाया गया शिविर हमारे लिए हमारी खिलाड़ियों के साथ काम करने का बढ़िया मौका रहा। हमारी खिलाड़ी जिस तरह आगे बढ़ीं हम उससे खुश हैं। ऑस्ट्रेलिया अंडर-18 महिला टीम के खिलाफ मैच हमें उच्च स्तर पर खेलने और खुद को अंडर-18 महिला एशिया कप के लिए तैयार करने का बढ़िया मौका होंगे। ऑस्ट्रेलिया अंडर-18 महिला हॉकी टीम के खिलाफ ये मैच हमारी अंडर-18 महिला खिलाड़ियों के लिए अपना कौशल और यह दिखाने का मौका होंगे कि उन्होंने क्या सीखा।’

YuvaSahakar Desk